टीवी धारावाहिक 'हिटलर दीदी' में ऋषि कुमार की भूमिका निभाने वाले सुमित वत्स का कहना है कि वह इस धारावाहिक से ऊबते नहीं, बल्कि इसके हर एक दृश्य से कुछ न कुछ सीखते हैं।
सुमित इस धारावाहिक में करीब डेढ़ साल से काम कर रहे हैं। सुमित ने कहा, "मैं एक जैसे दृश्यों के लिए काम नहीं करता हूं। मैं हर दृश्य में कुछ नया तलाशता हूं।"
सुमित ने जी टीवी पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक 'हिटलर दीदी' में मुख्य भूमिका निभाने वाली रति पांडेय के पति की भूमिका निभाई है।
32 वर्षीय सुमित ने '12/24 करोल बाग' और 'मुक्ति बंधन' जैसे सफल धारावाहिकों में अभिनय किया है। सुमित थियेटर में भी सक्रिय रहे हैं, उनका कहना है कि यह उनका जुनून है।
उन्होंने कहा, "मैं थियेटर में भी काम करता हूं। मैं अभिनय करना चाहता हूं, मेरे लिए यह जरूरी नहीं कि अभिनय मैं कहां कर रहा हूं।"