आज के समय में लोग घर बैठे-बैठे अपने मोबाइल स्क्रीन पर फिल्म जैसा मजा उठा रहे हैं। बदलते वक्त में ओटीटी प्लेटफॉर्म का दबदबा बढ़ा है। इनमें ऑल्ट बालाजी और जी 5 का भी अहम स्थान हैं। यह दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलकर अब तक कई वेब सीरीज ला चुके हैं। इस कतार में ये अपनी पांचवी वेब सीरीज फितरत लेकर आ रहे हैं।
मुंबई में आयोजित हुए एक ईवेंट में फितरत का ट्रेलर लॉन्च किया गया। इसके साथ ही इस शो का म्यूजिक एलबम भी सामने आया। इस वेब सीरीज में आदित्य सील, क्रिस्टल डिसूजा और अनुष्का रंजन मुख्य किरदार में हैं। लॉन्च ईवेंट में मेकर्स ने यह भी बताया कि पहले फितरत की कहानी एक फिल्म के रूप में बनाई जानी थी हालांकि बाद में इसे एक वेब सीरीज के तौर पर पेश करने का फैसला किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने बताया कि उन्हें इस वेब सीरीज की कहानी बेहद पसंद आई थी इसलिए उन्होंने स्क्रिप्ट सुनते ही इसके लिए अपनी रजामंदी दे दी। इस सीरीज की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक अमीर लड़के से शादी करना चाहती है। खैर जब असलियत में उसे प्यार होता है तो उसकी जिंदगी तबाह हो जाती है। जिसके बाद उसकी खुद को साबित करने की लड़ाई शुरू होती है। शो में इस लड़की का रोल क्रिस्टल ने निभाया है। दर्शक यह वेब सीरीज 18 अक्टूबर से ऑल्ट बालाजी और जी 5 पर देख सकते हैं।