'बिग बॉस 17' में आए दिन रिश्ते बदल रहे हैं। शो का हालिया नॉमिनेशन काफी ज्यादा हैरान करने वाला था। कई कंटेस्टेंट्स ने अपने खास दोस्त को कॉम्पिटिशन बताकर नॉमिनेट कर दिया। इसी को लेकर गुफ्तगू जारी है। वहीं, शो में अंकिता लोखंडे और मन्नारा चोपड़ा एक बार फिर आमने-सामने आने को तैयार हैं। दोनों को अक्सर एक-दूसरे से लड़ते और एक-दूसरे के बारे में बुराई करते देखा जाता है। नए प्रोमो में भी दोनों के बीच फिर तकरार होती नजर आई है, जहां अंकिता ने मन्नारा को 'डबल ढोलकी' तक कह दिया है।
'बिग बॉस 17' के नए प्रोमो में मन्नारा चोपड़ा अन्य सदस्यों के साथ घर के बगीचे में बैठी नजर आ रही हैं। इसी दौरान मन्नारा, खानजादी की बुराई कर रही होती हैं। हालांकि, यह सुनकर अंकिता लोखंडे को गुस्सा आ जाता है, और वह उनकी क्लास लगा देती हैं। अंकिता लोखंडे कहती हैं कि मन्नारा की बातों में मत आना, क्योंकि वह किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी बोल देती हैं। अंकिता ने यह तक कह दिया कि मन्नारा बिन पेंदी का लोटा हैं, क्योंकि वह हमेशा लोगों के बारे में चुगली करती रहती हैं, और कभी भी वास्तविक बंधन नहीं बना सकती हैं।
एक अन्य वीडियो में अभिनेत्री सभी से कहती हैं कि मन्नारा की बातों पर भरोसा न करें क्योंकि वह किसी भी लड़की के बारे में कुछ भी कह सकती हैं। अंकिता ने कहा, 'किसी भी चीज के लिए उन पर भरोसा मत करो।' इस पर मन्नारा ने पलटवार करते हुए कहा, 'आपने भी कल मुझसे बहुत कुछ कहा', तो अंकिता ने जवाब दिया, 'मैंने आपसे कोई गलत शब्द नहीं कहा, आप इस मामले में बहुत मूर्ख हैं।' बाद में मन्नारा यह कहकर बाहर चली गईं, 'आपके बात करने का तरीका बहुत अजीब है।' इस पर अंकिता ने जवाब दिया, 'तुम अजीब हो, मुझे कभी-कभी लगता है कि तुम पागल हो।'
कुछ नेटिजन्स अंकिता लोखंडे के समर्थन में आए और मन्नारा की क्लास लगाने के लिए उनकी सराहना की। एक टिप्पणी में लिखा था, 'अंकिता लोखंडे द्वारा मन्नारा चोपड़ा के लिए बिल्कुल सही टैग।' दूसरे ने लिखा, 'पूरी तरह सहमत।' जबकि अन्य लोग मन्नारा का समर्थन करते हुए अंकिता लोखंडे पर भड़कते दिखाई दिए हैं। इस बीच, इस हफ्ते अंकिता लोखंडे, ऐश्वर्या शर्मा, नील भट्ट, अनुराग डोभाल, अरुण महाशेट्टी, सनी आर्य, समर्थ जुरेल, मन्नारा चोपड़ा और नावेद घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेटेड हैं।