सुंबुल तौकीर के दोस्त फहमान खान ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद से एक्ट्रेस फिर से चर्चा में आ गई हैं। सुंबुल ने अपने दोस्त के लिए घर का एक नियम तोड़ दिया है।
'बिग बॉस 16' की कंटेस्टेंट सुंबुल तौकीर खान के चर्चे आजकल बीबी हाउस में ही नहीं बाहर भी हो रहे हैं। शालीन के साथ रिश्ते को लेकर सुंबुल को सलमान खान फटकार लगा चुके हैं, तो बीते दिन उनके दोस्त फहमान खान की शो में एंट्री हुई थी। दोस्त को शो में देख सुंबुल की खुशी का ठिकाना नहीं था, लेकिन एक दिन बाद ही फहमान शो से बाहर आ गए हैं। वहीं, सुंबुल ने फहमान के सामान के साथ एक ऐसी चीज भेजी, जिससे उन्होंने घर का एक अहम नियम तोड़ दिया है।
विज्ञापन
Trending Videos
दरअसल, फहमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह सुंबुल को थैंक यू जंगली बोलते नजर आ रहे हैं। फहमान ने बताया कि जब वह बिग बॉस के घर से बाहर आए, तो बाद में उनका सामान भेजा गया। उन्हें अपने बैग में एक नोट मिला, जिसमें सुंबुल ने उन्हें नए शो के लिए बधाई दी है। सुंबुल का ये नोट पाकर फहमान काफी खुश नजर आ रहे थे।
फहमान के इस वीडियो को शेयर करने के बाद उनके फैंस काफी खुश हैं। वहीं, कुछ लोगों को लग रहा है कि कही ऐसा करने से सुंबुल फिर किसी मुसीबत में न आ जाए। दरअसल, बिग बॉस के घर में कुछ भी लिखने की इजाजत नहीं है और न ही आपको पेन, पेपर मिलता है। लेकिन अब सुंबुल ने फहमान को एक नोट लिखकर भेजा है।
बता दें कि इससे पहले भी सुंबुल तौकीर खान ऐसा कर चुकी हैं, जिस पर बिग बॉस ने उन्हें सजा भी सुनाई थी। साजिद खान के कैप्टन बनने के बाद घर की ड्यूटी लोगों में बांटने के लिए दोनों ने चिट बनाए थे। सुंबुल ने ही साजिद को लिपस्टिक दी थी, जिसके बाद बिग बॉस ने एक्ट्रेस को शाही शेफ से हटाकर आम जनता बना दिया था। वहीं, अब फैंस को लग रहा है कि दोबारा ऐसा करने पर सुंबुल को फिर सजा मिल सकती है।