टेलीविजन का मशहूर रियलिटी शो बिग बॉस का 15वां सीजन लगातार लोगों का मनोरंजन कर रहा है। शो में शुरू से ही लोगों को जमकर बवाल और हंगामें देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में दर्शकों को रोजाना शो में ट्विस्ट एंड टर्न देखने को मिल रहे हैं। यह शो जितना आम लोगों को पसंद है उतना ही सेलेब्स भी इस शो को लेकर काफी सक्रिय रहते हैं। इतना ही नहीं कई कलाकार तो इस शो में होने वाली हरकतों को लेकर अपने विचार भी खुलकर रखते हैं। ऐसे में बिग बॉस ओटीटी की कंटेस्टेंट रह चुकीं एक्ट्रेस और मॉडल उर्फी जावेद ने इन दिनों टीवी पर आ रहे बिग बॉस 15 को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद से ही वह चर्चा में बनी हुई है।
दरअसल, उर्फी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सलमान खान के शो बिग बॉस और उसके मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक नोट लिखते हुए कहा 'मैं निजी तौर पर बिग बॉस के किसी भी कंटेस्टेंट के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन हर बार सबसे नापसंद किए गए कंटेस्टेंट्स को ही वापस क्यों लाया जाता है?
उन्होंने लिखा कि अक्षरा और जीशान जैसे कंटेस्टेंट्स असल में ज्यादा लोकप्रिय हैं। लेकिन, अब लगता है कि जैसे बिग बॉस सिर्फ शमिता शेट्टी के करियर को बूस्ट करने के लिए ही बनाया गया है।' उर्फी की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है। वहीं, कुछ यूजर्स उर्फी की बात से सहमत नजर आ रहे हैं।
बिग बॉस ओटीटी में कंटेस्टेंट के रूप में नजर आईं टीवी अभिनेत्री उर्फी जावेद का सफर शो में जल्द ही खत्म हो गया। उर्फी बिग बॉस से बाहर आने के बाद सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने प्रशंसकों से जुड़ी रहती हैं। वह आए दिन अपने अतरंगी आउटफिट को लेकर ट्रोलर्स के निशाने पर रहती हैं। हालांकि, उर्फी हमेशा ही इन सबको नजरअंदाज करती रहती है।