फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़े सितारे अब चले छोटे पर्दे की ओर

Thu, 14 Nov 2013 07:36 AM IST
अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
विज्ञापन
छोटा परदा लगातार बड़ा होता जा रहा है। यही वजह है कि बड़े परदे के बड़े सितारे भी अब स्माल स्क्रीन के लिए काम करने में जरा भी नहीं हिचकिचा रहे हैं।
विज्ञापन


अनिल के बाद अमिताभ भी सीरियल में
अनिल कपूर को ही लीजिए, वे अपने टीवी धारावाहिक 24 में पूरे मनोयोग के साथ काम कर रहे हैं। इस धारावाहिक के लिए वे उसी प्रतिबद्धता से अभिनय करते नजर आ रहे हैं, जितनी संजीदगी से वे फिल्मों में काम करते हैं।

अनिल कपूर के बाद जल्द ही सुपर स्टार अमिताभ बच्चन स्मॉल स्क्रीन पर एक धारावाहिक में अभिनय करते नजर आएंगे। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बन रहे इस धारावाहिक का निर्माण खुद उनका प्रोडक्शन हाउस कर रहा है।
विज्ञापन


इधर खबरें आ रही हैं कि जया बच्चन भी छोटे परदे पर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

डैनी को मिला महादेव का ऑफर
जया के अलावा डैनी डेंजोंग्पा को भी देवों के देव... महादेव में एक अहम किरदार निभाने का ऑफर मिला है। इसमें उन्हें एक पॉवरफुल नेगेटिव रोल में भगवान शंकर बने मोहित रैना के अपोजिट खड़ा किया जा सकता है।

इसी तरह अमृता सिंह और पूनम ढिल्लन को भी छोटे परदे के धारावाहिकों में काम करने के ऑफर हैं। इन दोनों ही हीरोइनों ने सीरियलों में अभिनय करने का मन बना लिया है।

सितारे हैं काफी उत्साहित
धारावाहिक 24 में काम कर रहे अनिल कपूर का कहना है कि वे आगे भी छोटे परदे पर काम करेंगे, शर्त एक ही है कि स्क्रिप्ट दमदार हो और उसमें काम करने में किसी फिल्म की तरह ही उत्तेजना पैदा होती हो।

डैनी की भी कुछ ऐसी ही राय है। जब उन्हें धारावाहिक देवों के देव... महादेव ऑफर हुआ, तो उन्होंने बाउंड स्क्रिप्ट की मांग कर डाली। उनका साफ कहना है कि वे रुटीन किस्म का काम नहीं करेंगे।

अगर उन्हें कोई किरदार अपील करता है, तभी वे उसमें रुचि दिखाएंगे। जया बच्चन, अमृता सिंह और पूनम ढिल्लन का भी यही कहना है कि वे छोटे परदे पर तभी सक्रिय होंगी, जब दमदार रोल मिलेंगे। वैसे, गौर करनेवाली बात यह है कि डैनी, अमृता और पूनम तीनों ही पहले भी धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं।

डैनी ने जहां दूरदर्शन के एक चर्चित धारावाहिक में अभिनय किया था, वहीं अमृता एकता कपूर के बैनर के सीरियल काव्यांजलि में काम कर चुकी हैं। पूनम ढिल्लन ने भी अंदाज और किटी पार्टी जैसे धारावाहिकों में काम कर अच्छी खासी लोकप्रियता प्राप्त की थी।

जहां तक जया बच्चन का सवाल है, उनका भी छोटे परदे से गहरा संबंध है। वे काफी साल पहले एक सुपरहिट कॉमेडी धारावाहिक देख भाई देख प्रोड्यूस कर चुकी हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि अब छोटे परदे और बड़े परदे के बीच ज्यादा अंतर नहीं रहा।
विज्ञापन


वैसे भी सारे बड़े सितारे अपनी फिल्मों के प्रमोशन के लिए विभिन्न हिट टीवी धारावाहिकों और शोज में भागीदारी करते नजर आते हैं। कई बार तो लगता है कि अब छोटे परदे पर प्रमोशन के बिना फिल्मों का गुजारा ही नहीं है। ऐसे में बड़े परदे के सितारों का छोटे परदे पर अभिनय करने के लिए राजी होना ज्यादा चकित नहीं करता है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें