देश में साधु-संतों और सिद्ध पुरुषों की सबसे बड़ी संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने राधे मां का बहिष्कार कर दिया है। अखाड़ा परिषद के मुखिया महंत नरेंद्र गिरि ने कहा है कि राधे मां न तो कोई संत हैं और न ही कोई तपस्विनी। दरअसल, राधे मां के इस संघ से बहिष्कृत होने का कारण उनका टीवी के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' में जाना है। राधे मां के इस कदम की अखाड़ा परिषद ने कड़ी निंदा की और उन्होंने राधे मां से अपने आप को अलग कर लिया।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रमुख महंत नरेंद्र गिरि ने अपने बयान में कहा है, 'राधे मां न तो कोई संत हैं और न ही कोई तपस्विनी। अब वह किसी भी अखाड़े से ताल्लुक नहीं रखती हैं। कुछ समय पहले जूना अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की उपाधि से सुशोभित किया था लेकिन जब उन्होंने अपना असली रंग दिखाया तो असलियत सामने आ गई। उन्हें न तो किसी धर्म की जानकारी है और न ही धार्मिक शास्त्रों के बारे में कुछ पता है। वह बस गाना और नाचना जानती हैं। यह चीज उन्हें न तो कोई धार्मिक व्यक्ति बनाती है और न ही किसी धर्म के लिए उपदेश देने का हक देती हैं।'