जब किरदारों में जान डालने की बात आती है तो कलाकारों के लिए यह बेहद जरूरी हो जाता है कि वे अपने कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकले और कुछ अलग करें। अपने लुक्स के साथ प्रयोग करना हर कलाकार के काम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। अभिनेता एजाज खान भी इन दिनों इसी प्रक्रिया में हैं। वह दो साल बाद भारतीय टेलीविजन पर लौट रहे हैं लोकप्रिय धारावाहिक तारा फ्रॉम सतारा में।
एजाज इस धारावाहिक में हैंडसम कोरियोग्राफर शत्रुघ्न मेहरा के किरदार में नजर आएंगे। कहानी के मुताबिक उन्हें धारावाहिक में डांसर नंबर-1 रियलिटी शो में जज पैनल के सदस्य के तौर पर देखा जा सकेगा। कहानी में ये भी सामने आता है कि शत्रु का तारा के पिता सचिन माने के साथ भी गहरा संबंध रहा है और शो में इसी संबंधों की परतें खोली जाएंगी।
इस बारे में एजाज कहते हैं, “मैंने पहले भी अपने लुक के साथ प्रयोग किए हैं लेकिन इस बार का टपोरी लुक कुछ ऐसा है जो मेरे लिए नया है। शो में मेरी भूमिका फ्लैशबैक से शुरू होती है और उस दौरान मुझे एक लापरवाह युवक के रूप में देखा जाएगा। उसके मुंबई में अपने करियर से जुड़े बड़े-बड़े सपने हैं और मेरा यह लुक किरदार की प्रकृति के लिए सबसे सही था। बाद में जैसे ही शो आगे बढ़ता है, दर्शक मुझे डांसर नंबर-1 के जज के रूप में देखेंगे और उस हिस्से में मेरे लुक्स बिल्कुल ही अलग होंगे।”