रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका निभाई, वहीं यश रावण के किरदार में नजर आए। फिल्म की भव्यता और कलाकारों के लुक को लेकर जहां लगातार चर्चा हो रही है, वहीं अब रामानंद सागर की 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने फिल्म देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है।
हालांकि, उन्हें नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म कुछ खास पसंद नहीं आई। सुनील लहरी ने फिल्म में भक्ति और दिव्यता की कमी बताते हुए कई अहम दृश्यों के गायब होने और रावण के किरदार को जरूरत से ज्यादा महिमामंडित करने पर भी सवाल उठाए हैं।
रणबीर कपूर, सुनील लहरी
- फोटो : सोशल मीडिया
क्या बोले सुनील लहरी?
सुनील लहरी ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने फिल्म देखने के बाद अपना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने का अनुभव मिला-जुला रहा। उनके मुताबिक, फिल्म में वह दिव्यता और भक्ति नजर नहीं आई, जो रामायण जैसे विषय पर बनी फिल्म में होनी चाहिए। इसके अलावा उन्हें कई महत्वपूर्ण सीन भी गायब लगे। उन्होंने संवादों के स्तर पर भी आपत्ति जताई और कहा कि कुछ दृश्यों में बातचीत का अंदाज गरिमापूर्ण नहीं था। सुनील ने रावण के किरदार को काफी ज्यादा महिमामंडित किए जाने की बात भी कही।
सुनील लहरी ने कहा, 'नई रामायण देखी। अनुभव मिला-जुला रहा। इसमें दिव्यता और भक्ति नजर नहीं आई। कई महत्वपूर्ण दृश्य गायब हैं। कई दृश्यों में बातचीत का अंदाज गरिमापूर्ण नहीं था, जैसा कि ऐसी फिल्म में होना चाहिए। रावण के किरदार को काफी ज्यादा महिमामंडित किया गया है।'
सुनील लहरी
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण' की शानदार कमाई
एक तरफ फिल्म को लेकर सुनील लहरी की यह प्रतिक्रिया चर्चा में है, तो दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस पर 'रामायण: पार्ट 1' शानदार प्रदर्शन कर रही है। दिवाली से तीन दिन पहले रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में 440 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है। वहीं, विदेशों में यह मूवी 800 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है।