'बागी', 'एबीसीडी 2' और 'आशिकी 2' समेत कई फिल्मों में काम करने वाली अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने हाल ही में, अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो साझा की, जिसमें वो बहुत प्यारी लग रही थीं। हम जानते हैं कि जब भी कोई फिल्मी सितारा अपनी फोटो अपलोड करता है तो उनके प्रशंसक तुरंत कमेंट बॉक्स में डेरा जमा लेते हैं। एक के बाद एक कमेंट आने लगते हैं। कोई फैन तारीफ करता है तो कोई सवाल पूछता है। जाहिर है श्रद्धा के साथ भी ऐसा ही होना था।
फैन ने पूछा प्रभास के साथ कब काम करोगी?
श्रद्धा ने जो फोटो अपलोड की, उस पर प्रभास के एक फैन ने कमेंट करते हुए पूछ लिया कि मैम, आप अगली बार प्रभास के साथ कब काम करोगी? इस सवाल का श्रद्धा ने बड़ा ही मजेदार जवाब दिया। श्रद्धा ने कहा कि जब प्रभास अपने घर से मेरे लिए खाने का टिफिन भेजेंगे। मालूम हो कि श्रद्धा कपूर और प्रभास ने फिल्म 'साहो' में एक साथ काम किया था। यह फिल्म साल 30 अगस्त, 2019 को रिलीज हुई थी। इसे दर्शकों से मिली जुली प्रतिक्रिया मिली थी।
श्रद्धा कपूर और प्रभास की आने वाली फिल्म
श्रद्धा कपूर की पिछली फिल्म 'तू झूठी मैं मक्कार' थी। इसमें रणबीर कपूर ने भी मुख्य भूमिका अदा की थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया था। श्रद्धा इन दिनों अपनी फिल्म 'स्त्री 2' में व्यस्त हैं, जो एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है। वहीं, प्रभास अपनी आने वाली फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, जो 27 जून, 2024 को रिलीज होगी।