प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक कार्टून दिखाने पर दर्ज हुआ केस
एएनआई की खबर के मुताबिक यह मामला केया घोष की शिकायत पर रविवार को आनंदपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। कोलकाता पुलिस ने कहा, ‘26 जुलाई को आनंदपुर पुलिस स्टेशन में केया घोष की ओर से एक शिकायत मिली थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि श्रीलेखा मित्रा ने 24 जुलाई को सियालदह से धर्मतल्ला के बीच हुई एक सार्वजनिक रैली के दौरान भारत के प्रधानमंत्री के आपत्तिजनक, अपमानजनक और निंदनीय कार्टून दिखाए थे। इस शिकायत के आधार पर आनंदपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।’
कोलकाता पुलिस ने आगे बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अपने बचाव में बंगाली अभिनेत्री ने क्या कहा?
जब श्रीलेखा मित्रा पर पुलिस में मामला दर्ज हुआ तो सोशल मीडिया पर वह अपने बचाव में बोलीं। उनका कहना था कि लोग सोशल मीडिया उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, गलत संंदेश भेज रहे हैं। एक वायरल वीडियो में वह कहती हैं, ‘मैं बीजेपी विरोधी हो सकती हूं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं देशद्रोही हूं।’ अभिनेत्री का कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है। साथ ही उनका कहना है कि वह इस मामले में कानूनी लड़ाई आगे बढ़ाएंगी। इसी वायरल वीडियो में वह कहती हैं कि उन्होंने अपने चश्मे की जगह सनग्लास पहने थे तो पोस्टर पर ध्यान नहीं गया, उन्होंने पोस्टर देखा ही नहीं।