अयोध्या में लंबे समय से प्रतीक्षित राम मंदिर का उद्घाटन आखिरकार आज होने जा रहा है। इस भव्य समारोह में भाग लेने के लिए आम लोग ही नहीं फिल्मी हस्तियां भी उत्साहित हैं। श्री राम प्राण प्रतिष्ठा में बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज हस्तियों का अयोध्या में पहुंचना शुरू हो गया है। इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने के लिए साउथ अभिनेता चिरंजीवी अपने बेटे और अभिनेता राम चरण भी अयोध्या पहुंच गए हैं। श्रीराम नगरी पहुंचने पर दोनों स्टार्स का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अयोध्या पहुंचे चिरंजीवी और रामचरण
तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी और राम चरण अयोध्या पहुंच गए हैं। दोनों स्टार्स का अयोध्या पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। चिरंजीवी को सोमवार सुबह हैदराबाद हवाई अड्डे पर अपने बेटे, अभिनेता राम चरण के साथ अयोध्या के लिए जाते हुए देखा गया। अयोध्या जाने से पहले, चिरंजीवी ने राम मंदिर उद्घाटन में भाग लेने के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वह प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के निमंत्रण से 'अभिभूत' हैं। उन्होंने कहा, 'यह वास्तव में एक दुर्लभ अवसर है, मुझे लगता है कि भगवान हनुमान, जो मेरे देवता हैं, मुझे लगता है कि उन्होंने मुझे व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। हम बहुत भाग्यशाली हैं, जो इस भव्य समारोह का हिस्सा बनने जा रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: Ram Mandir: लता मंगेशकर की आवाज में 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी' सुनकर मंत्रमुग्ध हुए लोग, एआई ने बनाया गाना
प्रशंसकों ने भेंट की बजरंग बली की मूर्ति
अयोध्या के लिए रवाना होने से कुछ घंटे पहले, राम चरण ने हैदराबाद में अपने आवास के बाहर अपने प्रशंसकों से मुलाकात की। उनके फैंस ने विशेष रूप से तैयार की गई भगवान हनुमान की मूर्ति भेंट की। यह तीन फीट की कांस्य मूर्ति तमिलनाडु के तंजावुर में प्रसिद्ध मूर्तिकारअमरनाथ द्वारा तैयार की गई है। अयोध्या कार्यक्रम में भाग ना लेने वाले प्रशंसकों ने अभिनेता से इस तस्वीर को राम मंदिर में प्रस्तुत करने का अनुरोध किया। मीडिया से बात करते हुए राम चरण ने कहा, 'यह एक लंबा इंतजार है, हम सभी वहां जाने के लिए बहुत उत्साहित हैं और बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं।' इस दौरान अभिनेता ऑफ-व्हाइट कुर्ता पायजामा पहने नजर आए, जिसमे वे काफी हैंडसम लग रहे थे।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा रामलला का अभिषेक
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मनोरंजन उद्योग, क्रिकेट जगत, संत समाज, राजनीति, कला, साहित्य एवं संस्कृति समेत अन्य क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर नगरी अयोध्या में आज प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का ऐतिहासिक अनुष्ठान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संतों और कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में होगा।
यह भी पढ़ें: Ayodhya: बेटे अभिषेक के साथ श्रीराम नगरी पहुंचे अमिताभ बच्चन, अयोध्यावासियों ने ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत