दिवंगत निर्देशक भारतीराजा के अंतिम दर्शन करने पहुंचे सीएम विजय
- फोटो : अमर उजाला
निर्देशक भारतीराजा के निधन से तमिल सिनेमा में सूनापन भर गया है। तमिल सिनेमा कई चर्चित कलाकार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय बुधवार को निर्देशक भारतीराजा के घर पर पहुंचे। परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। बुधवार सुबह ही तमिल सिनेमा के दिग्गज निर्देशक भारतीराजा का निधन हुआ।
भारतीराजा के अंतिम दर्शन करते हुए भावुक हुए सीएम विजय
सीएम विजय ने निर्देशक भारतीराजा को श्रद्धांजलि दी, उनके अंतिम दर्शन किए। इस क्षण वह काफी भावुक नजर आए। इसके बाद उन्होंने एक बड़ी घोषणा की। सीएम विजय ने कहा कि भारतीराजा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
विजय के अलावा तमिलनाडु के पूर्व सीएम एम के स्टालिन भी भारतीराजा के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे, दिवंगत निर्देशक को श्रद्धांजलि दी।
उपराष्ट्रपति ने लिखा शोक संदेश
भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी दिवंगत निर्देशक भारतीराजा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक्स अकाउंट (ट्विटर) पर एक शोक संदेश साझा किया है। वह लिखते हैं, ‘दिग्गज निर्देशक भारतीराजा के निधन से गहरा दुख हुआ है। एक दूरदर्शी कहानीकार के तौर पर उन्होंने ग्रामीण भारत की आत्मा और मानवीय भावनाओं की गहराई को अद्भुत सच्चाई के साथ सिल्वर स्क्रीन पर लाकर तमिल सिनेमा में क्रांति ला दी। अपनी खास सिनेमाई भाषा, यादगार किरदारों और सदाबहार फिल्मों के जरिए उन्होंने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी और कई पीढ़ियों के फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को प्रेरित किया। उनका जाना सिनेमा की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, दोस्तों, सहयोगियों और दुनिया भर में मौजूद उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’
कमल हासन और रजनीकांत ने दी श्रद्धांजलि
कमल हासन ने भारतीराजा के साथ करियर के साथ शुरुआत में फिल्में कीं। वह उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पीटीआई से बातचीत में कहते हैं, ‘वे चले गए हैं, लेकिन उनकी कला हमेशा जीवित रहेगी। वे मेरे साथ थे और उन्होंने मेरे साथ फिल्में बनाईं। इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।’
अभिनेता रजनीकांत भी निर्देशक भारतीराजा के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।
कई फिल्मी सितारे अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे
सीएम विजय, रजनीकांत के अलावा तमिल सिनेमा की कई हस्तियां भारतीराजा को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। भारतीराजा के आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों में सूर्या, राधिका सरथकुमार, शिवकुमार, गंगई अमरन और निर्देशक और राजनेता सीमन शामिल थे।