फिल्म में होगा प्रभास-डॉन ली का आमना-सामना
महीनों की अटकलों के बाद आधिकारिक तौर पर पुष्टि हो गई है कि दक्षिण कोरियाई सुपरस्टार ली डोंग सोक, जिन्हें मा डोंग सोक या डॉन ली के नाम से भी जाना जाता है, प्रशांत नील द्वारा निर्देशित 'सालार-2' में दिखाई देंगे। इससे पहले ऐसी अफवाहें थीं कि डॉन ली प्रभास की दूसरी आगामी फिल्म 'स्पिरिट' में विलेन की भूमिका निभाएंगे। हालांकि अब 'सालार-2' में डॉन ली की भूमिका की पुष्टि हो गई है। इस बात से डॉन ली और प्रभास के फैन काफी खुश हैं।
डॉन ली ने बताई खुशखबरी
इस बात की पुष्टि डॉन ली ने अपने इंस्टाग्राम पर पांच सेकंड का बूमरैंग वीडियो पोस्ट करके की, जिसमें एक फैन का बनाया गया 'सालार-2' का पोस्टर दिखाया गया। उन्होंने इस पोस्टर की तारीफ की और थम्स अप का इमोजी बनाकर भेजा। डॉन ली की इसी पोस्ट को होम्बले फिल्म्स (जिसने हाल ही में प्रभास के साथ तीन फिल्मों का सौदा किया है) ने फिर से पोस्ट करके खबर की पुष्टि कर दी। इस तरह से लोगों को पता चला कि प्रभास और डॉन ली साथ में काम कर रहे हैं। इसके बाद को प्रभास और डॉन ली के फैन बहुत रोमांचित हो गए। फैंस को अब फिल्म का इंतजार है।
फिल्म में हैं कई और नामी कलाकार
प्रभास और डॉन ली के अलावा फिल्म 'सालार-2' में पृथ्वीराज सुकुमारन, जगपति बाबू, श्रीया रेड्डी, बॉबी सिम्हा, शफी, ब्रह्माजी और जॉन विजय जैसे कई बेहतरीन कलाकार भी हैं। इस फिल्म का साउंडट्रैक बनाने की जिम्मेदारी संगीतकार रवि बसरूर को मिली है। उन्होंने अब तक कई फिल्मों में शानदार म्यूजिक दिया है।