अभिनेता विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी शादी और आगामी फिल्म 'राउडी जनार्धना’ को लेकर चर्चाओं में हैं। हालांकि, इस बीच फैंस ये भी जानना चाहते हैं कि उनकी फिल्म ‘किंगडम’ के दूसरे पार्ट को लेकर क्या अपडेट है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर नागा वामसी ने ‘किंगडम’ के सीक्वल को लेकर बड़ी अपडेट दी है। जानिए उन्होंने क्या बताया…
नहीं बन रहा ‘किंगडम’ का सीक्वल
आइडलब्रेन साथ हालिया बातचीत में फिल्म के निर्माता नागा वामसी ने ‘किंगडम’ के सीक्वल को लेकर स्पष्ट किया कि फिलहाल यह फिल्म रद्द हो गई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नहीं, अब हम इसे नहीं बना रहे हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह फिल्म एक ही फिल्म के रूप में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी, बजाय इसके कि इसे सीक्वल के रूप में पेश किया जाए? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि जो हुआ उसके बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि इससे केवल निर्देशक गौतम तिन्नानुरी को ही दुख होगा। अब करने के लिए कुछ नहीं बचा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वो जल्द ही निर्देशक गौतम तिन्नानुरी के साथ दोबारा काम करेंगे। गौतम गौतम अब एक अलग तरह की फिल्म पर काम कर रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः अनुपम खेर ने शुरू की ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग, 550वीं फिल्म करने पर बोले- ‘अभी इंटरवल पॉइंट पर पहुंचा हूं’
बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हुई थी ‘किंगडम’
‘किंगडम’ पिछले साल जुलाई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उस समय विजय को अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने के लिए एक हिट फिल्म की सख्त जरूरत थी, जो 2022 में आई फिल्म ‘लाइगर’ की रिलीज के बाद से गिरावट की ओर जा रहा है। लेकिन ‘किंगडम’ भी बॉक्स ऑफिस पर कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया के बाद भारी भरकम बजट में बनी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ के आंकड़े को भी नहीं छू पाई। इस फिल्म में सत्यदेव, वेंकटेश और भाग्यश्री बोरसे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। विजय ने सूरी का किरदार निभाया है, जो एक कांस्टेबल से जासूस बन जाता है और श्रीलंका में एक गिरोह में घुसपैठ करने के लिए खुफिया तौर पर भेजा जाता है।