साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म 'वकील साब' तो आप सभी को याद ही होगी। यह अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर हिंदी फिल्म 'पिंक' का तेलुगू रीमेक थी। इस फिल्म का निर्देशन वेणु श्रीराम ने किया था। वहीं, अब 'वकील साब' के सीक्वल की घोषणा कर दी गई है, जिससे पवन कल्याण के फैंस में खुशी की लहर है। इस सीक्वल से भी पवन कल्याण और वेणु श्रीराम की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के लिए उतरेगी।
'वकील साब' ने बीते नौ अप्रैल को अपनी रिलीज के दो साल पूरे कर लिए। इस अवसर का जश्न मनाने के लिए फैंस ने ट्वीटर का सहारा लिया, जिसमें निर्देशक वेणु श्रीराम भी हिस्सा लेते नजर आए। निर्देशक ने खुलासा किया कि 'वकील साब 2' पर वर्तमान में काम जारी है। वह फिलहाल इस फिल्म का स्क्रीनप्ले लिखने में व्यस्त हैं। यह अपडेट मिलते ही फैंस खुश हो उठे और उन्होंने मूवी को लेकर इतना ट्वीट कर दिया कि 'वकील साब 2' ट्विटर पर ट्रेंड होने लगा।
निर्देशक वेणु श्रीराम ने यह भी एलान किया कि उनकी दो साल पुरानी फिल्म 'वकील साब' वापस से सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। मूवी में पवन कल्याण, निवेथा थॉमस, अंजलि, अनन्या नगल्ला, प्रकाश राज और श्रुति हासन जैसे सितारे हैं। तेलुगू वर्जन का स्क्रीनप्ले संयुक्त रूप से एच विनोथ और रितेश शाह ने लिखा है। मेकर्स ने तेलुगू दर्शकों की संवेदनाओं के अनुसार कहानी में कुछ बदलाव भी किए हैं।
Ram Charan-Upasana: बेबी शॉवर के बाद पत्नी उपासना संग छुट्टियां मनाने मालदीव पहुंचे राम चरण, साझा किया वीडियो
वहीं, पवन कल्याण इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का निर्देशन हरीश शंकर कर रहे हैं। इस मूवी में पवन कल्याण को वापस से पुलिस अधिकारी की भूमिका में देखा जाएगा। रिपोर्ट्स तो यह भी हैं कि पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' सलमान खान की फिल्म 'दबंग-3' का रीमेक है। हालांकि, अब तक इस रिपोर्ट की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।