रिलीज टलने से पहले एडवांस बुकिंग में फिल्म ने की थी 100 करोड़ की कमाई
विजय की फिल्मों का आमतौर पर ही काफी क्रेज देखने को मिलता है और फैंस बेसब्री से उनका इंतजार करते हैं। अब जब ‘जन नायकन’ विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही है, तो इसको लेकर फैंस और भी उत्साहित हैं। यही कारण है कि फिल्म के एक बड़ी ओपनिंग और जबरदस्त कमाई करने की उम्मीद है। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, 9 जनवरी को फिल्म की रिलीज टलने से पहले फिल्म ने एडवांस बुकिंग में जबरदस्त कमाई की थी। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘जन नायकन’ ने विदेशों में पहले दिन की एडवांस बुकिंग में लगभग 40 करोड़ रुपये और पहले वीकेंड में लगभग 60 करोड़ रुपये कमा लिए थे। लेकिन फिल्म की रिलीज टलने के बाद वैश्विक स्तर पर हुई 100 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स रातोंरात गायब हो गई, जिससे 25 देशों में रिकॉर्डतोड़ रिलीज की योजना बना रहे विदेशी डिस्ट्रीब्यूटर्स को तगड़ा झटका लगा।
एच. विनोथ ने किया है निर्देशन
एच. विनोथ द्वारा निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित 'जन नायकन' को हिंदी में 'जन नेता' के नाम से रिलीज किया जा रहा है। यह पॉलिटिकल थ्रिलर है। फिल्म के ट्रेलर के सामने आने के बाद फैंस फिल्म को लेकर और भी उत्साहित हो गए थे। फिल्म में थलापति विजय के अलावा पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, मामिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन और प्रकाश राज भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में अनिरुद्ध रविचंदर ने संगीत दिया है।