अभिनेता दिलीप राज का बुधवार सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिवार वालों के अनुसार उन्हें दिल का दौरा पड़ने पर हॉस्पिटल लेकर जाया गया। डॉक्टर ने उन्हें बचाने की कोशिश की। लेकिन अभिनेता ने दम तोड़ दिया। दिलीप के निधन से कन्नड़ सिनेमा में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
पुनीत राजकुमार के साथ फिल्म करके हुए थे मशहूर
अभिनेता दिलीप ने साल 2007 में एक फिल्म ‘मिलाना’ की थी। इस फिल्म में उनके साथ पुनीत राजकुमार जैसे चर्चित एक्टर थे। इसके बाद दिलीप ने कई कन्नड़ फिल्में कीं, जिसमें ‘यू टर्न’ और ‘बॉयफ्रेंड’ जैसी मूवीज शामिल रहीं। आगे चलकर बतौर प्रोड्यूसर भी वह सक्रिय हुए। उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस तले कई सीरियल बनाए।
ये खबर भी पढ़ें: तेलुगु अभिनेता भरत कांत का सड़क दुर्घटना में निधन, ट्रक से हुई कार की भिड़ंत; पुलिस ने शुरू की जांच
थिएटर में भी आजमाया हाथ
लगभग 24 कन्नड़ फिल्मों में दिलीप राज ने अभिनय किया था। साथ ही वह थिएटर से भी जुड़े रहे। उन्होंने दो थिएटर ग्रुप बनाए। यहां पर अपने एक्टिंग टैलेंट को निखारा। कन्नड़ फिल्मों में वह दमदार सहायक भूमिका करने के लिए जाने जाते हैं। उनके निधन से कन्नड़ सिनेमा को गहरी क्षति पहुंची है।
ऋषभ शेट्टी ने दिलीप राज को दी श्रद्धांजलि
अभिनेता और फिल्मेकर ऋषभ शेट्टी ने दिलीप राज के निधन पर शोक जताया है। एक ट्वीट एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट किया है। इसमें वह लिखते हैं, ‘आप एक अच्छे एक्टर, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और सबसे बढ़कर एक अच्छे इंसान थे। भले ही हम बहुत कम मिले हों, लेकिन मेरे मन में आपकी एक गहरी छवि बनी है, उसे मिटाया नहीं जा सकता है। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।