अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान मलयालम सिनेमा में कदम रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अपनी पहली मलयालम फिल्म 'गांधी बाजार संडे मार्केट' की शूटिंग शुरू कर दी है। इस फिल्म का निर्देशन जाने-माने फिल्ममेकर बाबू जनार्दन कर रहे हैं। यह बाबिल खान के अभिनय करियर में एक नए दौर की शुरुआत है।
मलयालम सिनेमा से प्रभावित हैं बाबिल
अपकमिंग फिल्म 'गांधी बाजार संडे मार्केट' में अपर्णा बालमुरली, दीपक परंबोल, निखिल नायर, जॉनी एंटनी, जगदीश, सुधीर करमना, आथमिया राजन और जयशंकर जैसे कलाकार होंगे।
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के बारे में बात करते हुए, बाबिल ने बताया कि वह हमेशा से मलयालम सिनेमा और उसकी कहानी कहने के अंदाज से प्रभावित हैं।
बाबिल खान
- फोटो : एक्स
बाबिल ने की मलयालम सिनेमा की तारीफ
उन्होंने कहा 'मलयालम सिनेमा ने हमेशा मेरे दिल में एक बहुत ही खास जगह बनाई है। यहां कहानियां जिस ईमानदारी, संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई के साथ कही जाती हैं, वह बेमिसाल है। सिलीगुड़ी में 'गांधी बाजार संडे मार्केट' की शूटिंग शुरू करना मेरे लिए बेहद रोमांचक और रचनात्मक है।'
निर्देशक और कलाकारों के बारे में क्या बोले बाबिल?
उन्होंने आगे कहा, 'बाबू सर के साथ काम करना और इतने प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ स्क्रीन शेयर करना मेरे लिए एक शानदार अनुभव होने वाला है। मैं हमेशा से ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहता था, जो लोगों पर एक गहरा असर छोड़ें। मलयालम सिनेमा में कदम रखना मेरे करियर का सिर्फ एक नया अध्याय ही नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी यात्रा है, जिसे शुरू करते हुए मैं शुक्रगुजार हूं।'
बाबिल खान
- फोटो : इंस्टाग्राम@babil.i.k
बाबिल खान का वर्कफ्रंट
पिछले कुछ वर्षों में, बाबिल खान ने अपने अनोखे और भावनात्मक रूप से गहरी परफॉर्मेंस के दम पर अपनी एक खास पहचान बनाई है। उन्हें आखिरी बार साइबर थ्रिलर फिल्म 'लॉगआउट' में देखा गया था। इसके अलावा, एक्टर को 'कला', 'फ्राइडे नाइट प्लान' और 'द रेलवे मेन' जैसी फिल्मों और सीरीज में अपने काम के लिए भी काफी तारीफ मिली है।