फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kota Srinivasa Rao Death: कौन थे कोटा श्रीनिवास राव? ‘सरकार’ से लेकर ‘बागी’ तक बॉलीवुड फिल्मों में भी नजर आए

Sun, 13 Jul 2025 07:47 AM IST
हिमांशु सोनी एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Who Was Kota Srinivasa Rao: कोटा श्रीनिवास राव तेलुगु सिनेमा के दिग्गज एक्टर थे, जिन्होंने हिंदी फिल्मों के लिए भी डब किया। उन्होंने अपने करियर में ऐसा मुकाम हासिल किया कि हर वर्ग के लोग उन्हें काफी पसंद करते हैं। रविवार सुबह उनका निधन हो गया। इस खबर में जानिए कोटा श्रीनिवास राव के बारे में।

विज्ञापन
कोटा श्रीनिवास राव - फोटो : एक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण भारतीय सिनेमा के चमकते सितारों में से एक नाम था कोटा श्रीनिवास राव, जिनका फिल्मी और राजनीतिक सफर किसी प्रेरणास्रोत से कम नहीं। एक ऐसे कलाकार जिन्होंने सिर्फ पर्दे पर नहीं, बल्कि थिएटर, राजनीति और निजी जीवन में भी संघर्षों को गले लगाते हुए एक मिसाल कायम की। बीते दिनों जब फिल्म प्रोड्यूसर बंदला गणेश ने उनके साथ एक तस्वीर शेयर की थी तो उसमें कोटा श्रीनिवास काफी कमजोर लग रहे थे। कोटा की सेहत देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए थे। लंबे समय से बीमार चल रहे कोटा श्रीनिवास राव ने रविवार सुबह अंतिम सांस ली।

विज्ञापन






 

कोटा श्रीनिवास राव - फोटो : एक्स

डॉक्टर बनना चाहते थे कोटा श्रीनिवास राव
कोटा श्रीनिवास राव का जन्म 10 जुलाई 1942 को आंध्र प्रदेश के एक छोटे से गांव कांकीपाडु में हुआ था। एक मध्यमवर्गीय परिवार में पले-बढ़े कोटा के पिता एक डॉक्टर थे और घर का माहौल शिक्षा-सेवा पर आधारित था। बचपन में कोटा का सपना भी डॉक्टर बनने का था, लेकिन किस्मत उन्हें एक अलग दिशा में ले गई। कॉलेज के दिनों में ही उन्हें नाटकों में अभिनय का चस्का लगा और यहीं से उनके सफर की शुरुआत हुई।

कब हुई करियर की शुरुआत? 
कोटा श्रीनिवास राव ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की और फिर धीरे-धीरे फिल्मों की ओर कदम बढ़ाया। 1978 में आई तेलुगु फिल्म 'प्रणम खरीदू' से उन्होंने बड़े पर्दे पर एंट्री की। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 750 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। उनका अभिनय सिर्फ संख्या तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हर किरदार में उन्होंने अपने अभिनय की गहराई से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई।

हर रोल में छा गए कोटा श्रीनिवास राव 
चाहे खलनायक का रोल हो या एक संवेदनशील पिता का, कोटा हर किरदार में पूरी तरह से ढल जाते थे। 'अतरिंटिकी डेरेडी', 'छत्रपति', 'बोम्मारिलु', 'शिवा' और 'गायम' जैसी फिल्मों में उनकी अदाकारी को आज भी सराहा जाता है। उनकी भूमिका ने हमेशा यह साबित किया कि साइड रोल करने वाले अभिनेता भी मुख्यधारा की चमक को मात दे सकते हैं। अपने लंबे करियर में श्रीनिवास राव ने साउथ के कई बड़े एक्टर्स के साथ काम किया था। महेश बाबू, जूनियर एनटीआर, प्रभाव और अल्लू अर्जुन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ कोटा श्रीनिवास काम कर चुके हैं। 

कोटा श्रीनिवास राव - फोटो : एक्स
हिंदी फिल्मों में भी किया काम
कोटा श्रीनिवास राव ने कई हिंदी फिल्मों में काम किया था। उनकी प्रमुख हिंदी फिल्मों में 'सरकार', 'डार्लिंग', 'बागी' और 'लक' जैसी फिल्में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Kota Srinivasa Rao: घटा हुआ वजन..मुरझाया चेहरा, साउथ के इस दमदार विलेन को पहचाना क्या? हालत देख फैंस चिंतित

कोटा श्रीनिवास राव के अवॉर्ड्स 
कोटा राव को उनके अभिनय के लिए नौ बार राज्य नंदी पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। 2012 में उन्हें फिल्म 'कृष्णम वंदे जगद्गुरुम' के लिए SIIMA पुरस्कार भी मिला। तमिल सिनेमा में भी उन्होंने 2003 में ‘सैमी’ फिल्म के जरिए खास पहचान बनाई। इसके अलावा उन्हें राष्ट्रपति द्वारा साल 2015 में पद्म श्री अवॉर्ड भी मिल चुका है। 

किन फिल्मों के लिए मिला अवॉर्ड?
अभिनय की दुनिया में महारत रखने वाले कोटा श्रीनिवास राव को नंदी अवॉर्ड्स के तहत 'प्रतिघातना' (1985) के लिए स्पेशल जूरी अवॉर्ड, 'गायम' (1993), 'तीरपू' (1994), 'गणेश' (1998), 'चिन्ना' (2001) जैसी फिल्मों में विलेन की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार और 'लिटिल सोल्जर्स' (1996), 'आ नालुगुरु' (2004), 'पेलैना कोथालो' (2006) के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के रूप में सम्मान मिला। 

 
विज्ञापन

कोटा श्रीनिवास राव - फोटो : एक्स
विधायक के तौर पर भी काम किया 
फिल्मों के साथ-साथ कोटा श्रीनिवास राव ने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने 1999 से 2004 तक आंध्र प्रदेश विधानसभा में विजयवाड़ा ईस्ट से विधायक के रूप में जनसेवा की। एक अभिनेता और जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने समाज के अलग-अलग पहलुओं को समझा और उन्हें अपनी कला के जरिए इसे पेश भी किया।

कोटा श्रीनिवास की निजी जिदंगी के बारे में
निजी जीवन की बात करें, तो कोटा राव की जिंदगी में भी कई उतार-चढ़ाव आए। उनकी पत्नी रुक्मिणी और तीन बच्चों का परिवार था, लेकिन 2010 में एक सड़क दुर्घटना में उनके बेटे वेंकट अंजनेया प्रसाद का निधन हो गया। प्रसाद खुद भी एक होनहार अभिनेता थे और उन्होंने अपने पिता के साथ 'गायम 2' जैसी फिल्मों में अभिनय किया था। कोटा के छोटे भाई कोटा शंकर राव भी अभिनय के क्षेत्र में हैं और धारावाहिकों में कार्य करते हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें