15 साल पुरानी दोस्ती के किस्से शेयर किए
'रॉकस्टार' की मेकिंग के दौरान रहमान को जब आठ महीने तक भी पेमेंट नहीं मिली तो वे अपनी जेब से खर्च करते रहे। वे खुद ही म्यूजिशियंस और आने-जाने का खर्च उठाते रहे। इस बारे में फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली को भी भनक नहीं लगने दी। समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान ने देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में यह बात कही। इस दौरान रहमान और इम्तियाज अली ने अपनी 15 साल पुरानी दोस्ती और काम करने के मजेदार किस्से सुनाए।
इम्तियाज अली, एआर रहमान
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
दोनों के बीच क्यों हो गया था कंफ्यूजन?
रहमान ने कहा, 'प्रोड्यूसर ने मुझे पूरी 'रॉकस्टार' के लिए पैसे नहीं दिए। उन्होंने कहा, 'मुझे म्यूजिक पसंद नहीं है'। इस दौरान मैंने म्यूजिशियन और अपने ट्रैवल का खर्च देना जारी रखा। मैंने इम्तियाज अली को यह भी नहीं बताया कि मुझे इस फिल्म के लिए एक पैसा भी नहीं मिला है। आखिरकार रिलीज के आठ महीने बाद चेक मिला।
'रॉकस्टार' के समय ऐसा वक्त भी आया, जब रहमान और इम्तियाज दोनों कंफ्यूजन में रहे। दोनों दोनों को लगा कि सामने वाला काम नहीं करना चाहता। इम्तियाज अली को निजामुद्दीन दरगाह पर जाकर पता चला कि रहमान तो चुपचाप गाने बना रहे हैं।
दिल्ली जाकर साफ हुई स्थिति
रॉकस्टार बनाते समय एक ऐसा दौर आया, जब रहमान और इम्तियाज दोनों को एक-दूसरे के लिए लगा कि वे अचानक गायब हो गए हैं। इम्तियाज जवाब का इंतजार कर रहे थे, जबकि रहमान पहले ही दो गानों पर काम कर चुके थे। वे डायरेक्टर इम्तियाज से सीधे संपर्क किए बिना तीन म्यूजिकल आइडिया डेवलप कर चुके थे।
वहीं, इम्तियाज अली को हैरानी हो रही थी कि क्या रहमान बहुत शराफत के साथ इस प्रोजेक्ट को मना कर रहे हैं। मगर, उन्हें यह बात तब पता चली, जब वे शूटिंग की जगह देखने दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह गए। एक असिस्टेंट डायरेक्टर को दरगाह के एक अटेंडेंट से पता चला कि रहमान इससे जुड़ा एक ट्रैक बना रहे हैं। इससे इम्तियाज को कन्फर्म हो गया कि रहमान तैयार हैं।
बाद में जब इम्तियाज ने उनसे बात की तो रहमान ने जवाब दिया, 'हां, बिल्कुल। हम फिल्म कर रहे हैं। मैंने ये तीन गाने पहले ही बना लिए हैं'।