सिंगर की चीख सुन मची अफरा-तफरी
शो के दौरान माइक्रोफोन चालू था। सिंगर की चीख साफ सुनाई दी। इसके बाद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। शख्स करीब दो मिनट तक स्टेज पर रहा और अपनी बाहें फैलाकर शाहरुख खान के सिग्नेचर स्टाइल में पोज देकर वहां मौजूद भीड़ की तरफ देखने लगा। इस बीच सुरक्षाकर्मी आए और शख्स से स्टेज से नीचे उतारा गया। बाउंसरों ने भी बीच-बचाव किया और शख्स को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस हिरासत में शख्स
गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। खबरों के मुताबिक, वह उसी कॉलेज का छात्र है। इस घटना के बाद सुनंदा शर्मा इतनी डर गईं कि वे मंच पर वापस नहीं लौट पाईं। दर्शकों के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनकी टीम ने शो को बीच में ही रद्द करने का फैसला किया।
रांची में भी हुई थी कुछ ऐसी ही घटना
बता दें कि यह पहली बार नहीं, जब सुनंदा के शो में इस तरह की हरकत हुई हो। इससे पहले भी उन्हें ऐसी शर्मनाक स्थिति से गुजरना पड़ा था। कुछ दिनों पहले झारखंड के रांची में एक कॉलेज फेस्ट में सुनंदा शर्मा का शो विवादों में घिर गया था। शो के बीच में ही उन्होंने दर्शकों में से एक शख्स को सबके सामने लताड़ लगाई। शख्स स्टेज पर उनकी परफॉर्मेंस के दौरान उनके प्रति अश्लील इशारे कर रहा था। इसके बाद सुनंदा ने भीड़ के सामने उसे फटकार लगाई थी। भीड़ की मौजूदगी में सुनंदा ने उस शख्स को टोकते हुए कहा था, 'ये जो तू इशारे कर रहा है ना, तेरे को ही कह रही हूं, अभी तो छोड़ रही हूं, क्योंकि शो बहुत अच्छा चल रहा है'। इसके बाद तमाम दर्शकों ने भी सुनंदा का समर्थन किया था।