देश में अक्सर धर्म और त्योहारों को लेकर बहस छिड़ जाती है। कोई दूसरे धर्म के त्योहार में शामिल हो जाए या उसकी परंपराओं को अपना ले, तो कुछ लोग सवाल उठाने लगते हैं। ऐसा ही कुछ टीवी एक्ट्रेस शफक नाज के साथ भी हुआ।
करवा चौथ मनाने और मांग में सिंदूर सजाने पर उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया। लोगों ने उनके मुस्लिम होने के बावजूद हिंदू त्योहार मनाने पर आपत्ति जताई। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए कहा है कि किसी दूसरे धर्म का त्योहार मनाने से किसी की आस्था या धर्म नहीं बदल जाता।
Shafaq Naaz
- फोटो : सोशल मीडिया
शफक ने हिंदू परंपरा से मनाया त्योहार
दरअसल, महाभारत में कुंती का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली शफक ने हाल ही में पति जीशान के साथ करवा चौथ सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। तस्वीरों में एक्ट्रेस लाल साड़ी, लाल चूड़ियां और सिंदूर लगाए नजर आईं।
उन्होंने इन तस्वीरों के साथ लिखा था, 'उस शख्स के लिए तैयार हुई हूं, जिसने मुझे मेरे सबसे बुरे वक्त में भी देखा है। हैप्पी करवा चौथ।' हालांकि, उनकी इन तस्वीरों पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों ने मुस्लिम होने के बावजूद हिंदू त्योहार करवा चौथ मनाने को लेकर उन्हें निशाने पर लिया।
Shafaq Naaz
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रोलर्स को दिया जवाब
अब शफक ने एक वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि यह देखकर दुख होता है कि लोगों को एक-दूसरे के त्योहार मनाने से भी परेशानी होने लगी है। वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, 'सच कहूं तो दुख होता है कि हमें आज भी इस तरह की बातों पर चर्चा करनी पड़ रही है। यह किसी एक धर्म या समुदाय की बात नहीं है। सभी के लिए जरूरी है कि थोड़ा सम्मान और समझदारी दिखाएं और नफरत कम करें।'
Shafaq Naaz
- फोटो : सोशल मीडिया
मुस्लिम हैं शफक के पति
वीडियो में शफक ने कहा कि उन्हें हैरानी हुई कि सिर्फ करवा चौथ मनाने की तस्वीरें शेयर करने पर उन्हें इतनी गालियां और नफरत झेलनी पड़ी। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके पति भी मुस्लिम हैं। एक्ट्रेस ने सवाल किया कि सिंदूर लगाने या किसी दूसरे धर्म का त्योहार मनाने से किसी का धर्म कैसे बदल सकता है।
शफक ने कहा, 'सिंदूर लगाने से आपका धर्म कैसे बदल सकता है? क्या आपका धर्म इतना कमजोर है कि किसी दूसरे कल्चर या उसके त्योहार को मनाने से आपका विश्वास हिल जाएगा? यह कैसी सोच है?'
एक्ट्रेस ने भारत की सांस्कृतिक विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अलग-अलग धर्मों के लोग साथ रहते हैं और एक-दूसरे के त्योहार मनाते हैं। उन्होंने बताया कि वह हमेशा से होली, दिवाली, क्रिसमस और रक्षाबंधन जैसे त्योहार मनाती आई हैं और उन्हें कभी इसे छिपाने की जरूरत महसूस नहीं हुई।
Shafaq Naaz
- फोटो : सोशल मीडिया
पति को ट्रोल करने पर जताई नाराजगी
शफक ने अपने पति को ट्रोल किए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लोग इस मामले में उनके पति को बेवजह घसीट रहे हैं और उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि इस तरह की नफरत और असहिष्णुता देखकर उन्हें दुख होता है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी दूसरे के धर्म का सम्मान करना मुश्किल नहीं होना चाहिए। हर धर्म की शिक्षा दूसरों की आस्था का सम्मान करना सिखाती है, न कि किसी का अपमान करना।
एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि धर्म बेहद निजी मामला है और किसी को यह हक नहीं है कि वह दूसरे व्यक्ति को बताए कि उसे अपना धर्म कैसे मानना चाहिए। शफक के मुताबिक, 'मैं हर बार बैठकर आपको यह नहीं बता सकती कि मैं कितनी बार नमाज पढ़ती हूं, कितना रोजा रखती हूं या और क्या करती हूं।
धर्म एक निजी चीज है, यह विश्वास है। मैं अपनी क्षमता के हिसाब से जो कर सकती हूं और करना चाहती हूं, वह करूंगी। किसी को भी किसी पर अपनी सोच थोपने या उसे जज नहीं करना चाहिए।'
Shafaq
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रोलर्स को दी नसीहत
शफक ने साफ कर दिया कि वह आगे भी अपनी पसंद के त्योहार मनाती रहेंगी और सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचनाओं से उनके फैसले नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा कि जिन्हें उनकी पसंद से परेशानी है, वे उन्हें अनफॉलो कर सकते हैं।
आखिर में एक्ट्रेस ने लोगों से धर्म और संस्कृति के नाम पर लड़ाई बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर धर्म का सम्मान होना चाहिए और कोई भी धर्म दूसरे से बड़ा या छोटा नहीं है।
2024 में की थी जीशान पेवेकर से शादी
बता दें कि शफक नाज टीवी के पॉपुलर शोज 'महाभारत', 'चिड़िया घर' और 'गुम है किसी के प्यार में' में नजर आ चुकी हैं। एक्ट्रेस ने साल 2024 में जीशान पेवेकर से गुपचुप शादी की थी। उन्होंने इसी साल जून में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए पहली बार पति को फैंस से मिलवाया था।