नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 452 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, फिल्म की इस कामयाबी के बीच अब इसकी टीम के अंदर चल रही अनबन की खबरें सामने आ रही हैं।
फिल्म के दूसरे पार्ट और इसे ट्रिलॉजी के तौर पर बनाने की योजना पर भी सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी और प्रोड्यूसर नम्रता जी सिंह ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने फिल्म की पब्लिसिटी, मार्केटिंग और राइट्स को लेकर स्थिति साफ की है।
हनुमान अंश फिल्म
- फोटो : वीडियो ग्रैब
बयान में कही गई ये बात
सोमवार को स्वम्भू मीडिया नेटवर्क के जरिए जारी किए गए इस बयान में नम्रता और विशाल ने खुद को फिल्म का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म के पब्लिक रिलेशन, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप से जुड़े कामों को संभालने के लिए वही अधिकृत हैं। साथ ही उन्होंने उन लोगों को लेकर भी चेतावनी दी, जो फिल्म का प्रतिनिधि होने का दावा कर रहे हैं या अपने स्तर पर इसके राइट्स से जुड़े फैसले ले रहे हैं।
बयान में साफ कहा गया, 'हनुमान अंश का केवल एक अधिकृत चैनल है।' इसके साथ ही बताया गया कि फिल्म के थिएट्रिकल, ओटीटी, ब्रॉडकास्ट, म्यूजिक, गेमिंग और लाइसेंसिंग समेत सभी अधिकार संयुक्त रूप से निर्माताओं के पास हैं। इनसे जुड़े किसी भी तरह के फैसले प्रोड्यूसर्स के बीच हुए समझौतों के अनुसार ही लिए जाएंगे।
बता दें कि मेकर्स ने यह भी साफ किया कि कोई भी अकेला प्रोड्यूसर फिल्म को लेकर अपने स्तर पर बिजनेस डील या कोई अन्य समझौता नहीं कर सकता। ऐसा कोई भी फैसला कंपनी और बाकी निर्माताओं की ओर से मान्य नहीं होगा।
इसके अलावा बयान में कहा गया कि फिल्म की कास्ट और क्रू का कोई भी सदस्य अगर इंटरव्यू, पॉडकास्ट, प्रमोशनल इवेंट या किसी दूसरे सार्वजनिक मंच पर 'हनुमान अंश' का प्रतिनिधित्व करना चाहता है, तो उसे पहले फिल्म के आधिकारिक कम्युनिकेशन चैनल से मंजूरी लेनी होगी। फिल्म के क्रेडिट्स भी वैसे ही रहेंगे, जैसे आधिकारिक तौर पर जारी किए गए हैं।
फिल्म 'हनुमान अंश', अनुप्रिया नागर
- फोटो : सोशल मीडिया
कौन हैं हनुमान अंश के चारों प्रोड्यूसर्स?
हालांकि, बयान में एक डिस्क्लेमर भी दिया गया, जिसमें फिल्म के चारों प्रोड्यूसर्स के नाम बताए गए हैं। इनमें नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नगर शामिल हैं।
इसमें कहा गया कि फिल्म के सभी अधिकार चारों निर्माताओं के पास संयुक्त रूप से हैं। भारत और विदेशों में पब्लिसिटी, अवॉर्ड्स, पार्टनरशिप और राइट्स से जुड़े फैसलों के लिए प्रोडक्शन एग्रीमेंट के मुताबिक सभी चारों निर्माताओं की मंजूरी जरूरी है।
हनुमान अंश फिल्म
- फोटो : वीडियो ग्रैब
सामने आई थीं टीम में अनबन की खबरें
यह आधिकारिक बयान ऐसे समय में आया है, जब फिल्म की टीम के बीच मतभेदों की खबरें सामने आ रही हैं। इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फिल्म की पब्लिसिटी को लेकर टीम में कुछ मतभेद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात को लेकर भी नाराजगी थी कि फिल्म के प्रमोशन में एक प्रोड्यूसर को बाकी लोगों के मुकाबले ज्यादा तवज्जो दी जा रही है।
इन खबरों के बाद अब फिल्म की फ्रेंचाइजी के भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, अभी तक मेकर्स ने फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। प्रोड्यूसर अनुप्रिया नगर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म को ट्रिलॉजी यानी तीन हिस्सों में बनाने की योजना है।
उन्होंने यह भी कहा था कि टीम जल्द ही दूसरे पार्ट के लिए साथ आएगी। हालांकि, अब सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि नीम करोली बाबा की कहानी को आगे बढ़ाने को लेकर चारों निर्माताओं की अलग-अलग राय हो सकती है।