फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saroj Khan Death News Live Updates: माधुरी दीक्षित बोलीं- सरोज जी की मौत से मैं टूट चुकी हूं, शब्दों की भी कमी

Fri, 03 Jul 2020 04:19 PM IST
आसिम खान मनोरंजन डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। सरोज खान को शुक्रवार सुबह मलाड के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। सरोज खान को आखिरी विदाई देने के लिए उनके परिवार वाले और कुछ रिश्तेदार ही मौजूद थे। सांस लेने में शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार देर रात 1.52 बजे दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनकी मौत हो गई। कुछ दिन पहले ही उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने सरोज खान को श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
सरोज खान - फोटो : twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:17 PM, 03-Jul-2020

करीना ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर उस वाक्या के बारे में बताया है जब सरोज खान ने उन्हें सबक दिया था। करीना ने लिखा, 'मास्टर जी हमेशा मुझसे कहती थीं, पैर नहीं चला सकती तो फेस ही चला।उन्होंने मुझे यही सिखाया कि डांस, मुस्कान और आंखों से मुसकुराने को कैसे एन्जॉय करते हैं। उनके जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता। जो उन्हें प्यार करता था उनके लिए डांस और एक्सप्रेशन फिर कभी पहले जैसे नहीं होंगे। आपसे प्यार है मास्टर जी, हम फिर डांस करेंगे। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।'

04:01 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान से पहले तमिलनाडु की मुख्यमंत्री रह चुकीं जयललिता, बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत का कारण भी कार्डियक अरेस्ट ही था। बहुत से लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि कार्डियक अरेस्ट आखिर होता क्या है! पढ़ें- सरोज खान किन बीमारियों से पीड़ित थीं, हार्ट अटैक से कितना अलग है कार्डियक अरेस्ट?


 

03:36 PM, 03-Jul-2020

बाजीगर फिल्म में कोजाल के साथ किया था काम

सरोज खान ने बाजीगर फिल्म में काजोल के साथ काम किया था। इस फिल्म के टाइटल ट्रैक को सरोज ने ही कोरियोग्राफ किया था। यह गाना और इसका डांस दोनों ही हिट रहे थे।

विज्ञापन
03:28 PM, 03-Jul-2020

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री बोले- सदैव उन्हें याद रखा जाएगा

उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने ट्वीट किया कि सिने जगत की सुप्रसिद्ध कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। सिनेमा जगत में उनके अमूल्य योगदान के लिए सदैव उन्हें याद रखा जाएगा। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करेंl 

03:20 PM, 03-Jul-2020

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने दी श्रद्धांजलि

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने ट्वीट किया कि "बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। फिल्म जगत में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती हूं।"

विज्ञापन
03:12 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान मेरी प्रिय मास्टरजी, आप मुझे छोड़कर चली गईं: कुणाल कोहली

फिल्म निर्माता कुणाल कोहली ने टि्वटर पर कहा, ‘सरोज खान मेरी प्रिय मास्टरजी। म्यूजिक वीडियो से लेकर फिल्मों तक हमारा साथ में लंबा सफर रहा। अब आप मुझे छोड़कर चली गई।’
 

03:02 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान के साथ काम करने का सपना अब कभी पूरा नहीं होगा: रकुल प्रीत सिंह

रकुल प्रीत सिंह ने शोक जताते हुए कहा कि सरोज खान के साथ काम करने का उनका सपना अब कभी पूरा नहीं होगा। फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने कहा कि उन्होंने खान के साथ काम करते हुए काफी कुछ सीखा।

 

02:54 PM, 03-Jul-2020

श्रीदेवी के साथ दिए कई हिट गाने

मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ सरोज खान ने कई हिट गाने दिए। चांदनी फिल्म के गाने 'मेरे हाथों में नौ नौ चूड़ियां हैं', 'चांदनी ओ मेरी चांदनी' खूब मशहूर हुए थे। श्रीदेवी के साथ सरोज ने नगीना, निगाहें, नगीना-2, चालबाज, मिस्टर इंडिया में काम किया।

02:47 PM, 03-Jul-2020

ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दें सरोज जी: जेनेलिया देशमुख

जेनेलिया देशमुख ने कहा कि वह दिग्गज कलाकार के साथ काम करके गर्व महसूस करती हैं। उन्होंने कहा, ‘ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दें सरोज जी। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करती हूं कि मुझे आपके साथ काम करने का मौका मिला। परिवार के प्रति संवेदनाएं।’

02:38 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान की मौत पर तीन दिन बाद रखी जाएगी प्रार्थना सभा

तीन बार राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकीं सरोज खान की बेटी सुकन्या खान ने कहा, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। तीन दिन बाद एक प्रार्थना सभा रखी जाएगी।

02:29 PM, 03-Jul-2020

शेखर कपूर ने श्रीदेवी और सरोज खान को किया याद

शेखर कपूर ने अपनी फिल्म मिस्टर इंडिया के सेट पर श्रीदेवी और सरोज खान के डांस रिहर्सल को याद करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर मिस्टर इंडिया सरोज खान के बिना वैसी फिल्म नहीं होती। आपने उन्हें श्रीदेवी के साथ रिहर्सल करते हुए देखा होगा। वह मंत्रमुग्ध करने वाला था और क्या एनर्जी थी।

02:23 PM, 03-Jul-2020

अपनी गुरु सरोज खान को बहुत मानती थीं अभिनेत्री रेखा

सरोज खान बॉलीवुड में दो हजार से ज्यादा गाने कोरियोग्राफ कर चुकी हैं। उन्होंने अभिनेत्री रेखा के साथ भी काम किया है। कई समारोह में रेखा को अपनी गुरु सरोज खान के प्रति झुककर उनका आदर करते देखा गया।

02:16 PM, 03-Jul-2020

सरोज जी के नाम ने ‘कोरियोग्राफर’ शब्द से परिचय कराया: निमरत कौर 

निमरत कौर ने कहा कि इंडस्ट्री में ऐसा कोई नहीं होगा जो अपने जीवन में खान जैसा कर सकें। उन्होंने कहा, ‘सरोज जी के नाम ने मेरे जीवन में ‘कोरियोग्राफर’ शब्द से परिचय कराया। एक ऐसी प्रतिभा जिन्होंने अपने शानदार काम से सितारों और संगीत को अमर कर दिया। उनके प्रियजन को दुख की इस घड़ी से उबरने की हिम्मत मिले। अब फिर कोई उनके जैसा दिग्गज नहीं होगा।’
 

02:08 PM, 03-Jul-2020

ऐश्वर्या राय के साथ जोड़ी रही हिट

ऐश्वर्या राय के गाने 'बरसो रे मेघा-मेघा' को सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था। इस गाने के लिए सरोज खान फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुकी हैं। इसके अलावा हम दिल दे चुके सनम फिल्म के गाने 'नींबूड़ा' के लिए भी सरोज ने बेस्ट कोरियोग्राफर का अवॉर्ड अपने नाम किया। दोनों ने ताल, इरुवर, और प्यार हो गया, देवदास और कुछ ना कहो में काम किया है।

02:00 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान ने सपनों की वजह से कबूल किया था इस्लाम

असल में सरोज खान हिंदू थी उन्होंने बाद में इस्लाम कुबूल किया था। सरोज खान ने एक पाकिस्तानी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में कहा था कि मैं जब छोटे बच्चों को इस्लाम का पालन करती देखती थी, इबादत करते देखती थी तो अच्छा लगता था। वो बताती हैं कि उन्हें सपने में एक बच्ची मस्जिद के अंदर से पुकारती थी। 

सपने में वो बच्ची सरोज खान को अपनी मां बताती थी और बार-बार उन्हें पुकारती थी। सरोज खान को वो सपना कई बार आता था। ऐसे में उन्होंने इस्लाम धर्म को कुबूल किया। इंटरव्यू में सरोज खान ने इस बात पर जोर दिया कि उन्हें कभी भी इस्लाम कुबूल करने के लिए मजबूर नहीं किया गया। उन्होंने अपनी खुशी से धर्म परिवर्तन किया था।

01:52 PM, 03-Jul-2020

'बरसो रे मेघा-मेघा' के लिए जीता था फिल्मफेयर अवॉर्ड

ऐश्वर्या राय के गाने 'बरसो रे मेघा-मेघा' को सरोज खान ने ही कोरियोग्राफ किया था। इस गाने के लिए सरोज खान फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुकी हैं। 

01:45 PM, 03-Jul-2020

सरोज खान की मौत से टूटीं माधुरी दीक्षित

सरोज खान की मौत पर माधुरी दीक्षित ने कहा कि मैं टूट चुकी हूं और आज शब्दों की भी कमी है। सरोज जी शुरू से ही मेरी यात्रा का हिस्सा रही हैं। उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया, न केवल डांस बल्कि उससे भी कहीं ज्यादा। इस बड़ी व्यक्तिगत क्षति को सोचकर मेरे दिमाग में उनसे जुड़ी यादें आ रही हैं। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं। 

01:38 PM, 03-Jul-2020

तापसी पन्नू बोलीं- मैं यादों को संजोकर रखूंगी

अभिनेत्री तापसी पन्नू ने कहा कि वह अनुभवी कोरियोग्राफर के साथ काम करने की यादों को हमेशा संजोकर रखेंगी। तापसी ने ट्वीट किया, ‘कम से कम मुझे आपके साथ नाचने का मौका तो मिला था। मैं उन यादों को संजोकर रखूंगी। हमने एक और सितारा खो दिया। आपके गीतों से हर लड़की आपको हमेशा-हमेशा के लिए याद रखेगी।’

01:31 PM, 03-Jul-2020

बेमिसाल थी माधुरी दीक्षित और सरोज खान की जोड़ी

माधुरी दीक्षित के साथ सरोज खान की जोड़ी ने कई गानों पर धमाल मचाया। एक दो तीन, धक धक करने लगा से लेकर डोला रे और तबाह हो गए हम, कई मशहूर गाने माधुरी पर ही फिल्माए गए जिन्हें सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। दोनों की जोड़ी इंडस्ट्री में बेमिसाल थी। माधुरी दीक्षित, सरोज खान की असिस्टेंट भी थीं।
 

01:21 PM, 03-Jul-2020

रेमो डिसूजा ने सरोज खान को दी श्रद्धांजलि

कोरियोग्राफर से फिल्म निर्माता बने रेमो डिसूजा ने कहा, ‘ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दें सरोज जी। आप याद आएंगी... नृत्य समुदाय के लिए भारी क्षति।’ 


 

01:01 PM, 03-Jul-2020

फराह खान बोलीं- सरोज जी अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दे

कोरियोग्राफर फराह खान ने कहा कि वह उन अनगिनत कलाकारों में से एक हैं जो सरोज खान के काम से प्रेरित हुए।  उन्होंने ट्वीट किया, ‘सरोज जी अल्लाह आपकी आत्मा को शांति दें... आप मेरे समेत कई लोगों के लिए प्रेरणा थीं। शानदार गीतों के लिए आपका शुक्रिया।’ 


 

12:56 PM, 03-Jul-2020

तमन्ना भाटिया बोलीं- सरोज खाने के नृत्य ने मुझे प्रेरित किया

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने ट्वीट किया, ‘सुबह आंख खुलते ही दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन की दुखद खबर मिली। उनके शानदार नृत्य ने बहुत कम उम्र में मुझे प्रेरित किया। आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।’

12:50 PM, 03-Jul-2020

'डोला रे' गाने के लिए मिला था नेशनल फिल्म अवॉर्ड

सरोज खान को 2003 में रिलीज हुई फिल्म 'देवदास' का गाना 'डोला रे' के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। इसके अलावा 2006 में आई फिल्म 'श्रीनगरम' के सभी गानों और साल 2008 में आई 'जब वी मेट' के लिए यह इश्क हाए के लिए भी नेशनल अवार्ड मिला था।

12:44 PM, 03-Jul-2020

सलमान खान ने किया था काम देने का वादा

सरोज खान ने तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीता लेकिन एक समय ऐसा भी आया था जब सरोज खान के पास काम नहीं था। एक इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि उन्हें फिल्मों के ऑफर मिलने बंद हो गए थे। लेकिन जब सलमान खान को इसके बारे में पता चला तो उन्होंने कहा कि वो सरोज के साथ काम करेंगे। 

सरोज ने कहा था कि 'जब हम मिले, तो सलमान ने मुझसे पूछा कि मैं आजकल क्या कर रही हूं। तो मैंने उन्हें ईमानदारी से बताया कि मेरे पास कोई काम नहीं है, और मैं युवाओं को इंडियन क्लासिकल डांस सिखा रही हूं। ये सुनकर उन्होंने कहा, 'अब, आप मेरे साथ काम करेंगी'। मुझे पता है कि वो अपनी जुबान के बहुत पक्के हैं। और वो अपना वादा निभाएंगे।

12:36 PM, 03-Jul-2020

आखिरी सांस तक थी कोरियोग्राफर्स की चिंता

अपने जीवन के आखिरी सांस तक सरोज खान को कोरियोग्राफर्स की चिंता थी। यही कारण है कि वह सिने डांसर्स एसोसिएशन (सीडीए) में फूट डालने की चाहत रखने वाले गणेश आचार्य तक से भिड़ गई थीं। सरोज खान ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'लोग सीडीए को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जो नहीं होना चाहिए। मैं जब 10 बरस की थी, तब इसी एसोसिएशन ने एंट्री दी थी। चंद पैसों के लिए ये लोग पेट पर लात मा रहे हैं।

12:30 PM, 03-Jul-2020

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दी सरोज खान को श्रद्धांजलि

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने ट्वीट किया कि हिंदी फिल्म जगत की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन की घटना दुःखद है। हिंदी सिनेमा को उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

12:24 PM, 03-Jul-2020

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने दी श्रद्धांजलि

भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने ट्वीट किया कि "बॉलीवुड जगत की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन का दुखद समाचार अभी-अभी प्राप्त हुआ। मेरी ईश्वर से यही प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व परिवार को इस गहरी पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।"

12:18 PM, 03-Jul-2020

जब करीना से बोली थीं सरोज खान- ऐ लड़की, कमर हिला

सरोज खान ने कोरियोग्राफी से बहुत सारी बॉलीवुड अभिनेत्रियों का करियर बनाने में मदद की थी। अदाकारा करीना कपूर खान भी इनमें से एक हैं। एक डांस रिएलिटी शो में करीना कपूर ने सरोज खान के साथ अपना एक पुराना किस्सा सुनाया और बताया कि कैसे सरोज खान उन्हें डांस सिखाया करती थीं। 

करीना ने बताया कि एक दिन आधी रात की शूटिंग के समय सरोज खान को करीना के डांस मूव्स पसंद नहीं आ रहे थे, तो वह करीना पर चिल्ला पड़ीं, 'ऐ लड़की, कमर हिला।' करीना ने बताया कि सरोज खान ने आगे डांटते हुए कहा, 'रात के एक बज रहे हैं, क्या कर रही है।'

12:12 PM, 03-Jul-2020

अभिनेत्री निमृत कौर बोलीं- उनके जैसा अब कोई नहीं होगा

अभिनेत्री निमृत कौर ने लिखा, 'सरोज जी ने मुझे कोरियोग्राफर शब्द से रूबरू करवाया था। उन्होंने बेहतरीन काम से हर उस सितारे को भी अमर कर दिया और हर उस गाने को भी, जिसमें उन्होंने काम किया। उनके परिवार को भगवान शक्ति दे। उनके जैसा अब कोई नहीं होगा।'

12:05 PM, 03-Jul-2020

करीना कपूर बोलीं- लव यू मास्टर जी...

सरोज खान के निधन से करीना कपूर भी काफी दुखी हैं। उन्होंने सरोज के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, 'मास्टर जी हमेशा मुझे बताती थीं... पैर नहीं चला सकती तो कम से कम चहरा तो चला। डांस को इंजॉय करना, मुस्कुराना और आंखों के जरिए मुस्कुराना... बस यही उन्होंने मुझे सिखाया। उनके जैसा कोई और नहीं हो सकता। हम जैसे ऐक्टर्स, जो उन्हें प्यार करते थे उनके लिए डांस और एक्सप्रेशंस कभी ऐसा नहीं रहेगा। लव यू मास्टर जी... जब तक हम दोबारा साथ में डांस नहीं करते।

11:57 AM, 03-Jul-2020

50 लोगों को ही जनाजे में शामिल होने की इजाजत

कोरोना वायरस महामारी के चलते सरोज खान के जनाजे में सिर्फ 50 लोगों को ही शामिल होने की इजाजत थी। पुलिस ने सरोज खान के परिवार को आदेश दिया था कि अंतिम विदाई में 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे।

11:51 AM, 03-Jul-2020

कोरियोग्राफी के लिए तीन बार मिला नेशनल अवॉर्ड

सरोज खान ने अपने 40 साल के करियर में सफलता की बुलंदियों को छुआ। सरोज खान ने एक से बढ़कर एक फिल्मी गानों को कोरियोग्राफ किया। सरोज खान ने तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीता। सरोज खान ने कोरियोग्राफी में सबसे ज्यादा अवॉर्ड अपने नाम किए थे।

11:44 AM, 03-Jul-2020

सरोज खान को किया गया सुपुर्द-ए-खाक

सरोज खान को शुक्रवार सुबह मलाड के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। सरोज खान को आखिरी विदाई देने के लिए उनके परिवार वाले और कुछ रिश्तेदार ही मौजूद थे। मुंबई शहर में कोरोना वायरस के कहर के चलते सरोज खान को सुबह-सुबह ही बिना देर किए सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

11:37 AM, 03-Jul-2020

अदिति राव हैदरी ने किया सरोज खान को याद

अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने अमर उजाला से एक्सक्लूसिव बातचीत में अपनी पहली तमिल फिल्म श्रृंगारम को याद करते हुए कहा कि सरोज खान ने ही उन्हें मुंबई आकर रहने और यहां अभिनेत्री बनने के लिए प्रेरित किया था। उन्ही के बुलावे पर मैं उनके साथ पेरिस में नृत्य प्रदर्शन करने गई थी।

मुंबई में न होने की वजह से मैं सरोज खान को देखने अस्पताल नहीं जा सकीं। वह एक महान नृत्य निर्देशक थीं और अपने पीछे वह नृत्य की एक समृद्ध विरासत छोड़ गई हैं। सरोज खान उन पहले लोगों में शामिल हैं जिन्होंने मुझ पर मुंबई आकर रहने और यहां अपना करियर संभालने का खूब दबाव बनाया। मैं तब ऐसा करना चाहती भी थी लेकिन मुंबई में ये सब कैसे होगा, ये मुझे पता नहीं था।

11:31 AM, 03-Jul-2020

फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने किया शोक व्यक्त

फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट किया, 'सुबह उठते ही मुझे ये सबसे बुरी खबर मिली है। सरोज खान मास्टर ऑफ आर्ट थीं। उनका मुझे हमेशा प्यार मिला। मैंने उनके साथ फिल्म 'गोल' में बिल्लो रानी गाने पर काम किया था। उनकी आत्मा को शांति मिले।

11:24 AM, 03-Jul-2020

मनीषा कोइराला बोलीं- सरोज खान महान कोरियोग्राफर थीं

अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने ट्वीट कर लिखा, 'सुबह उठते ही ये दुखद समाचार मिला। मैं बचपन से ही क्लासिकल डांस सीखी हूं। सरोज खान ने ही मुझे डांस सिखाया था जब मैंने फिल्मी करियर शुरू किया था। वो एक सख्त कोरियोग्राफर थीं और महान भी।'

11:16 AM, 03-Jul-2020

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दी सरोज खान को श्रद्धांजलि

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और गोवा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने ट्वीट किया कि "फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज, जानीमानी कोरियोग्राफर सरोज खान जी के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि! अपनी रचनात्मकता का जो जादू आपने स्क्रीन पर बिखेरा है, वह आप जैसी लेजेंड के स्पर्श से ही संभव है। आप सदैव स्मृतियों में हंसती-मुस्कुराती और दिलों में जिंदा रहेंगी"।

11:09 AM, 03-Jul-2020

अनुपम खेर बोले- डांस की मल्लिका सरोज खान जी अलविदा

अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट किया कि "डान्स की मल्लिका सरोज खान जी अलविदा। आपने कलाकारों को ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान को बहुत खूबसूरती से सिखाया कि “इन्सान शरीर से नहीं, दिल और आत्मा से नाचता है”। आपके जाने से नृत्य की एक लय डगमगा जाएगी। मैं पर्सनली ना सिर्फ आपको बल्कि आपकी मीठी डांट को भी बहुत मिस करूंगा"।

11:02 AM, 03-Jul-2020

सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से थीं दुखी

कोरियोग्राफर सरोज खान ने सुशांत सिंह राजपूत की एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा था मैंने आपके साथ कभी काम नहीं किया, लेकिन हम कई बार मिल चुके हैं। आपके जीवन में क्या गलत हुआ? मैं हैरान हूं कि आपने अपने जीवन में इतना कठोर कदम उठाया। आप किसी बुजुर्ग से बात कर सकते थे, जो आपकी मदद कर सकते थे। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे और मुझे नहीं पता कि आपके पिता और बहन इस समय कैसे सह रहे हैं, उनके प्रति संवेदना और शक्ति। मैंने आपकी सभी फिल्मों से प्यार किया और हमेशा आपसे प्यार करती रहूंगी। 

10:56 AM, 03-Jul-2020

तीन साल की उम्र में बाल कलाकार के रूप में शुरू किया था करियर

सरोज खान का जन्म 22 नवंबर 1948 में निर्मला नागपाल के रूप में हुआ था। तीन साल की उम्र में उन्होंने बतौर बाल कलाकार काम करना शुरू कर दिया था। शादी से पहले उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया था।

10:47 AM, 03-Jul-2020

1975 में सरदार रोशन खान से की दूसरी शादी

सोहनलाल से अलग होने के बाद 1975 में सरोज खान ने अपनी जिंदगी के बारे में एक बार फिर से फैसला लिया और उन्होंने सरदार रोशन खान से शादी कर ली। उनसे उन्हें एक बेटी हुई, जिसका नाम उन्होंने सुकन्या रखा। सुकन्या आज दुबई में अपना डांस इंस्टीट्यूट चलाती हैं।

10:40 AM, 03-Jul-2020

पति ने सोरज को अपना नाम देने से कर दिया था इनकार

बच्चों के जन्म के बाद सोहनलाल ने उन्हें अपना नाम देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच दूरियां आ गईं। सरोज की एक बेटी कुकु भी हैं। सरोज ने दोनों बच्चों की परवरिश अकेले ही की।

10:34 AM, 03-Jul-2020

अमिताभ बच्चन ने जताया शोक

अक्षय कुमार से लेकर महानायक अमिताभ बच्चन ने सरोज खान को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी। अमिताभ बच्चन ने सुबह सुबह सरोज खान को याद करते हुए लिखा, 'हाथ जुड़े हैं मन उदास है।' साथ ही अमिताभ बच्चन ने एक तस्वीर साझा की है जिसमें अंधेरे में रोशनी की एक किरण आती दिखाई दे रही है।

10:28 AM, 03-Jul-2020

बेटा होने के बाद पता चली थी पति की पहली शादी की बात

सरोज खान से शादी के वक्त सोहनलाल ने अपनी पहली शादी की बात नहीं बताई थी। 1963 में सरोज खान के बेटे राजू खान का जन्म हुआ तब उन्हें सोहनलाल की शादीशुदा जिंदगी के बारे में पता चला। 1965 में सरोज ने दूसरे बच्चे को जन्म दिया लेकिन उसकी 8 महीने बाद ही मौत हो गई। 

10:21 AM, 03-Jul-2020

सरोज खान ने अपनी मर्जी से अपनाया था इस्लाम

एक टीवी चैनल के साथ इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि 'मैंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म अपनाया था। उस वक्त मुझसे कई लोगों ने पूछा कि मुझपर कोई दबाव तो नहीं है लेकिन ऐसा नहीं था। मुझे इस्लाम धर्म से प्रेरणा मिलती है।

10:15 AM, 03-Jul-2020

14 साल की उम्र में दिया था बेटे को जन्म

14 साल की उम्र में सरोज खान पहली बार मां बनी थीं और उन्हें एक बेटा हामिद खान (राजू खान) हुआ। अपने एक पुराने इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि सोहनलाल से उनकी शादी कैसे हुई थी। 

10:09 AM, 03-Jul-2020

दो हजार से अधिक गीतों की कोरियोग्राफी की

सरोज खान ने अपने चार दशक के करियर में 2000 से अधिक गीतों की कोरियोग्राफी की, जिसमें फिल्म ‘देवदास’ का ‘डोला रे डोला’, ‘तेजाब’ का ‘एक दो तीन’ और ‘जब वी मेट’ का ‘ये इश्क हाय’ जैसे हिट गीत शामिल हैं।

10:03 AM, 03-Jul-2020

काम मिलने में हो रही थी परेशानी

सरोज खान के लिए आखिरी समय परेशानियों से भरा रहा। कभी लगातार फिल्में करने वालीं सरोज खान के पास करियर के आखिरी पड़ाव पर कोई काम नहीं बचा था। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद एक इंटरव्यू के दौरान किया था। कुछ समय पहले सलमान खान उनकी मदद के लिए आगे आए थे। 

09:58 AM, 03-Jul-2020

सुनील ग्रोवर ने जताया शोक

अभिनेता सुनील ग्रोवर ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'सरोज खान जी की निधन के खबर से सदमे में हूं। उनके जाने से एक युग समाप्त हो गया। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'

09:51 AM, 03-Jul-2020

13 साल की उम्र में हुई थी शादी

सरोज खान ने मास्टर बी. सोहनलाल से शादी की थी। दोनों की उम्र में 30 साल का अंतर था। शादी के वक्त सरोज की उम्र 13 साल थी। सोहनलाल की ये दूसरी शादी थी। पहली शादी से उनके चार बच्चे थे। सरोज खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि 'मैं उन दिनों स्कूल में पढ़ती थीं तभी एक दिन मेरे डांस मास्टर सोहनलाल ने गले में काला धागा बांध दिया था और मेरी शादी हो गई थी।' 

09:45 AM, 03-Jul-2020

कलंक फिल्म में किया था आखिरी बार काम

सरोज खान ने आखिरी बार 2019 में आई फिल्म ‘कलंक’ में बतौर कोरियोग्राफार काम किया था। इसके अलावा उन्होंने गोविंदा और माधुरी दीक्षित जैसे बेहतरनी डांसर को अपने कला से नवाज है। उन्होंने माधुरी दीक्षित के लिए गीत ‘तबाह हो गए’ की कोरियोग्राफी की थी।

09:40 AM, 03-Jul-2020

बॉलीवुड से लेकर आम आदमी तक ने दी श्रद्धांजलि

सरोज खान के जाने से फिल्म इंडस्ट्री को काफी गहरा झटका लगा है। एक के बाद एक आ रही दुःखद खबरों से फिल्म जगत के लोग सदमे में हैं। सरोज खान के जाने के बाद बॉलीवुड से लेकर आम आदमी तक सरोज खान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 

09:36 AM, 03-Jul-2020

50 के दशक में बतौर बैकग्राउंड डांसर शुरू किया था काम 

50 के दशक में सरोज खान ने बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कोरियोग्राफर बी. सोहनलाल के साथ ट्रेनिंग ली। 1974 में रिलीज हुई फिल्म गीता मेरा नाम से सरोज खान एक स्वतंत्र कोरियोग्राफर की तरह जुड़ीं हालांकि उनके काम को काफी समय बाद पहचान मिली। सरोज खान की मुख्य फिल्मों में मिस्टर इंडिया, नगीना, चांदनी, तेजाब, थानेदार और बेटा हैं।

09:32 AM, 03-Jul-2020

सुशांत सिंह राजपूत को आखिरी पोस्ट में किया था याद

सरोज खान का अंतिम सोशल मीडिया पोस्ट भी काफी वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने आखिरी पोस्ट में सुशांत सिंह राजपूत को याद किया था। 

09:28 AM, 03-Jul-2020

पाकिस्तान से भारत आ गया था परिवार

विभाजन के बाद सरोज खान का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। सरोज ने महज तीन साल की उम्र में बतौर बाल कलाकार फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उनकी पहली फिल्म नजराना थी जिसमें उन्होंने श्यामा नाम की बच्ची का किरदार निभाया था।

09:24 AM, 03-Jul-2020

सरोज खान का असली नाम था निर्मला नागपाल

सरोज खान ने करीब सैकड़ों गानों को कोरियोग्राफ किया था। कम ही लोगों को पता है कि सरोज खान का असली नाम निर्मला नागपाल था। सरोज के पिता का नाम किशनचंद सद्धू सिंह और मां का नाम नोनी सद्धू सिंह था। 

09:16 AM, 03-Jul-2020

अक्षय कुमार ने जताया शोक

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि दुखद खबर है कि महान कोरियोग्राफर सरोज खान जी नहीं रहीं। उन्होंने नृत्य को लगभग आसान बना दिया था जैसे कोई भी नृत्य कर सकता है, फिल्म जगत के लिए ये एक बड़ा नुकसान है। उनकी आत्मा को शांति मिले।
 


 

09:11 AM, 03-Jul-2020

20 जून को अस्पताल में कराया था भर्ती

20 जून को सांस लेने में तकलीफ के बाद सरोज खान को मुंबई के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था। लेकिन गुरुवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उनका निधन हो गया। शुक्रवार को मलाड के मालवाणी कब्रिस्तान में उनका पार्थिक शरीर सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

09:10 AM, 03-Jul-2020

माधुरी दीक्षित बोलीं- सरोज जी की मौत से मैं टूट चुकी हूं, शब्दों की भी कमी

मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। सांस लेने में शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार देर रात 1.52 बजे कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनकी मौत हो गई। कुछ दिन पहले ही उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था जो निगेटिव आया था। सरोज खान 71 साल की थीं। उन्होंने माधुरी दीक्षित और श्रीदेवी सहित बॉलीवुड के कई कलाकारों को डांस सिखाया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें