ऋचा चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर संगीत सेरेमनी की अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा है, 'आज दो साल हो गए। हमारी ये तस्वीरें देखते हुए मेरी आंखें नम हो रही हैं'।
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा और अली फजल की शादी को अगले महीने अक्तूबर में दो साल पूरे होने जा रहे हैं। अपनी दूसरी वेडिंग एनिवर्सरी से पहले ऋचा ने एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर साझा किया है। उन्होंने प्री-वेडिंग कार्यक्रमों की कुछ अनदेखी तस्वीरें पोस्ट की हैं। इसके साथ उन्होंने शादी को लेकर एक खुलासा किया है। अभिनेत्री ने बताया कि उनकी शादी के सभी कार्यक्रमों में एक बात का खास ख्याल रखा गया और वह ये कि सभी फंक्शन प्लास्टिक फ्री रहे।
इंस्टाग्राम पर साझा कीं तस्वीरें
ऋचा चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर संगीत सेरेमनी की अनदेखी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा है, 'आज दो साल हो गए। हमारी ये तस्वीरें देखते हुए मेरी आंखें नम हो रही हैं'। ऋचा ने आगे लिखा है, 'हमारी शादी के सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त थे।' मालूम हो कि ऋचा चड्ढा पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी जागरुक हैं और इस तरफ अक्सर अपने फैंस का भी ध्यान आकर्षित करती हैं।
विज्ञापन
पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरुक हैं ऋचा-अली
ऋचा चड्ढा और अली फजल ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कुछ दिनों पहले पौधारोपण का काम भी किया था। उन्होंने अपने करीबियों, प्रियजनों और शुभचिंतकों के नाम पर पौधे लगाए। आज अभिनेत्री ने अपनी शादी के फंक्शन की तस्वीरें साझा करते हुए फिर पर्यावरण की सुरक्षा की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बात जब पर्यावरण की हो तो वे खुद भी छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखती हैं।
साल 2022 में रचाई शादी
ऋचा चड्ढा और अली फजल ने 2 अक्तूबर 2022 को शादी रचाई। इससे पहले उन्होंने काफी वक्त एक-दूसरे को डेट किया था। ऋचा और अली ने 2022 में पारंपरिक तरीके से शादी रचाई, जबकि उससे पहले साल 2020 में दोनों रजिस्टर्ड मैरिज कर चुके थे। कपल ने इस साल अपनी पहली संतान के रूप में बिटिया का स्वागत किया है।