राजकुमार राव फिल्म इंडस्ट्री में अपने पांव जमा चुके हैं। हालांकि, उन्हें लंबे वक्त से हिट फिल्म की तलाश है। उनकी पिछली कई फिल्मों ने टिकट खिड़की पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और दर्शकों को भी लुभाने में पूरी तरह से सफल नहीं हो पाई। अब लगता है कि 'स्त्री 2' से उनका हिट फिल्म का इंतजार खत्म होने वाला है। वो फिल्म का प्रचार करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और इसी सिलसिले में वो हाल ही में, जाकिर खान के शो में नजर आए, जहां उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों के बारे में दिलचस्प बातें बताई।
300 रुपये मिलने पर खरीदा था किराने का सामान
जाकिर खान के शो आपका अपना जाकिर में स्त्री 2 में काम करने वाले राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर से पूछा गया कि उनकी पहली सैलरी क्या थी और उन्होंने उसे कहां खर्च किया था। इसके जवाब में राजकुमार ने कहा कि उन्हें अपने पहले काम के लिए 300 रुपये मिले थे, जिससे उन्होंने किराने का सामान खरीदा था।
लड़की को डांस सिखाते थे राजकुमार राव
राजुकमार ने बताया कि ये बात हाई स्कूल के दिनों की है। उस दौरान वो एक लड़की को डांस सिखाया करते थे और उसी के लिए उन्हें 300 रुपये का भुगतान किया गया था, जिसके बाद राजकुमार ने किराने का सामान खरीदा और थोड़े पैसे बचे तो उन्होंने देसी घी भी खरीद लिया था। अभिनेता ने याद करते हुए कहा कि उन दिनों उनके परिवार में घी वाली रोटी खाना बहुत बड़ी बात थी। वहीं, श्रद्धा कपूर ने बताया कि वो अमेरिका में रहने के दौरान कॉफी शॉप में नौकरी करती थी और उन्हें पहली सैलरी के तौर पर 40 डॉलर मिले थे। श्रद्धा ने अपनी पहली कमाई को खाने-पीने में खर्च किया था।