अमित सियाल से सवाल किया गया कि जब आप अजय देवगन जैसे एक्टर के साथ रोल प्ले करते हैं तो कहा जाता है कि अजय खा जाते हैं। उनकी आंखें बोलती हैं। लेकिन, आपकी आंखें भी कम नहीं बोलती हैं। सेट पर आपके डायरेक्टर्स क्या आपको बोलते थे कि आपकी बातें परदे पर आंखों से बयां हों।
इस पर अमित सियाल ने कहा, 'अजय देवगन के साथ मैं 'रेड' में पहले भी काम कर चुका हूं। वो बहुत ईजी गो इंसान हैं। वो सबके साथ रहने वाले, साथ काम करने वाले इंसान और कलाकार हैं। बहुत सिक्योर हैं। डायरेक्टर एक्टर हैं। कभी ऐसा लगा ही नहीं कि मैं इतने बड़े स्टार के साथ काम कर रहा हूं। जितने भी बड़े स्टार्स हैं सब कंफर्टेबल होते हैं। मैंने अक्षय कुमार के साथ भी काम किया है। मुझे कभी लगा ही नहीं कि बड़े स्टार हैं। वो अच्छी तरह से तैयारी करते हैं, तो मुझे भी बेहतर तैयारी करनी ही है'।
अमित से पूछा गया कि हाल ही में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के एक इंटरव्यू की बहुत चर्चा है। उन्होंने पुराने एक्टर नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर और मनोज बाजपेयी की बात की। उनका कहना है कि थिएटर से आए हुए आर्टिस्ट को कमर्शियल सिनेमा ने ड्यू नहीं दिया। क्या आपको भी ऐसा लगता है?
अमित सियाल ने तंज भरे अंदाज में कहा, 'उनको बेसिकली लीड रोल मिलने चाहिए थे। इन्हें बनना चाहिए था हीरो और जो हीरो बने हुए हैं, उन्हें कैरेक्टर रोल करने चाहिए थे। नवाज ने ऐसा क्यों बोला मुझे कोई आइडिया नहीं है'। अमित ने आगे कहा,'कैरेक्टर आर्टिस्ट, एक तो यह शब्द ही अजीब है। जो भी सपोर्टिंग एक्टर हैं, जो भी एक्टर जो लीड रोल नहीं क्रैक कर पाए, यह बहुत ही इंटेंजिबल जगह है। यहां बहुत बार आपकी किस्मत चमकती है। प्रतिभा स्टारपावर के बराबर नहीं है'।
अमित सियाल से पूछा गया कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने दिवंगत एक्टर इरफान खान को याद किया कि आज जब वो नहीं हैं तो उन्हें इतना मिस कर रहे हैं। उनकी बात कर रहे, उनके बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन जब वो थे तो उन्हें आपने कितना ड्यू दिया?
इस पर अमित सियाल ने कहा, 'दिया तो। लोग रो रहे हैं उनके जाने के बाद। उन्हें मिस कर रहे हैं। इतनी बड़ी स्टार पावर रखते थे वो। इंटरनेशनल स्तर पर इतनी लोकप्रियता मिली। देखिए शाहरुख खान 10 हजार करोड़ रुपये के एक्टर बन गए। पांच हजार करोड़ रुपय कमा लिए, वर्ल्ड के चौथे, दूसरे अमीर कलाकार हो गए। अगर इसे ड्यू मिलना बोलते हैं तो आप किसी की किस्मत से लड़ रहे हैं। वह उनकी किस्मत है। ऐसा नहीं है कि वो बहुत प्रतिभाशाली इंसान है। शाहरुख प्रतिभाशाली हैं, लेकिन उनकी प्रतिभा के बराबर बहुत सारे लोग हैं। बहुत सारी चीजें मायने रखती हैं। दर्शकों का प्यार, उनका व्यक्तित्व, जैसी उन्होंने फिल्में कीं और उन्हें मिलीं'।
'सब चीजें समय पर मिलती हैं'
अमित सियाल ने इरफान खान को लेकर आगे कहा, 'जितना इरफान भाई को मिला, उतना मुझे मिल जाए तो मैं तो ढोल नगाड़े, ताशे बजाने लगूं लाइफ में। मैं पर्सनली इन चीजों में यकीन नहीं रखता कि उसे क्या मिल गया, इसको क्या मिल गया? मुझे क्या मिल रहा है, मुझे बस उससे मतलब है। अपने हिसाब से मानूं कि चलो मुझे 10 साल लेट मिल रहा है। लेकिन, मैंने 10 साल क्या किया कि मुझे जल्दी मिल जाता? मुझे नहीं लगता कि मैंने ऐसा कुछ बड़ा काम कर दिया कि पहले ही मुझे मिल जाता। आपको यह सब चीजें समय पर मिलती हैं'।