फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल द फाइनल रेकनिंग’ की स्पेशल स्क्रीनिंग हालांकि पीवीआर पैलेडियम, लोअर परेल में शुक्रवार 16 मई को ही हुई थी लेकिन लेट नाइट शो के चलते तमाम लोग आमंत्रण के बावजूद इसे देखने वहां नहीं पहुंचे। फिल्म अपनी एडवांस बुकिंग में ही करीब 10 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच चुकी थी। इस फिल्म का रिव्यू लिखने के लिए अमर उजाला के फिल्म समीक्षक ये फिल्म 17 मई की सुबह आईमैक्स, आइनॉक्स, मलाड में देखने के लिए एडवांस बुकिंग कराई।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे से ही लोगों का आईमैक्स, आइनॉक्स, मलाड पहुंचना शुरू हो गया और तकरीबन उसी समय से ही सिनेमाघर की लॉबी में पॉपकॉर्न, कॉफी और अन्य खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री भी शुरू हो गई। सुबह 6 बजे तक दोनों काउंटरों पर लगी लंबी कतारें देख फिल्म की स्क्रीनिंग तय समय यानी सुबह 6 बजे शुरू ही नहीं की गई। आईमैक्स स्क्रीन के गेट पर मौजूद कर्मचारी बार बार 10 मिनट में गेट खोलने की सूचनाएं देते रहे लेकिन सुबह 6.30 बजे तक दर्शकों की एंट्री शुरू नहीं हुई तो सोशल मीडिया पर इसकी उसी समय शिकायत की गई।
यब खबर भी पढ़ेंः MI 8 Day 1 BO Collection: मिशन इंपॉसिबल 8 ने तोड़ा ओपनहाइमर का रिकॉर्ड, पहले दिन टॉप 10 में धमाकेदार एंट्री
इस शिकायत के दो दिन बाद रविवार की दोपहर पीवीआर आईनॉक्स प्रबंधन की सोशल मीडिया टीम ने इस शिकायत का संज्ञान लिया और शिकायतकर्ता से उनका नाम, फोन नंबर और उस दिन के शो की टिकट बुकिंग का विवरण मांगा है। इस संदेश के मुताबिक पीवीआर आईनॉक्स कभी अपने दर्शकों को इस तरह का अनुभव नहीं देना चाहता और ये सारा विवरण इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए जरूरी है। इस संदेश के बाद मल्टीप्लेक्स चेन को उस दिन के शो का सारा विवरण मुहैया कराया जा चुका है। यहां गौरतलब है कि पीवीआर सिनेमाघर में तय समय पर शो शुरू न करने के चलते बेंगलुरु की एक अदालत उस पर हर्जाना भी लगा चुकी है।
जहां तक बात ‘मिशन इंपॉसिबल द फाइनल रेकनिंग’ की है तो ये फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल’ सीरीज की आठवीं और अंतिम फिल्म है। इस सीरीज में जासूस एथन हंट के कारनामों को प्रमुखता से दिखाया जाता है। उसकी टीम हर मिशन पर कुछ ऐसा असंभव काम कर दिखाती है जिससे दुनिया को भारी तबाही से बचाया जा सकता है। फ्रेंचाइजी की सातवीं और आठवीं कड़ी में एआई को दुनिया पर कब्जा करते हुए दिखाया गया है और ये दिखाया गया है कि कैसे इस मुश्किल से एथन हंट दुनिया को बचाता है।