फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग’ भारत में अमेरिका से करीब छह दिन पहले रिलीज हुई है। फिल्म के हीरो टॉम क्रूज ने रिलीज के दिन एक खास संदेश भी भारतवासियों के नाम हिंदी में जारी किया है। पैरामाउंट पिक्चर्स ने फिल्म की रिलीज से पहले हालांकि भारत में इसके प्रचार प्रसार के लिए खास कोशिशें नहीं कीं हैं और इसके चलते छोटे शहरों और कस्बों में फिल्म को लेकर ज्यादा उत्सुकता भी नहीं है, लेकिन फिल्म को मेट्रो शहरों में काफी दिलचस्पी से देखने लोग आ रहे हैं। सुबह 6 बजे के पहले शो से लेकर देर रात तक के शोज की रिलीज के पहले दिन अच्छी एडवांस बुकिंग भी हुई।
रात 10 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग’ ने रिलीज के पहले दिन भारतीय सिनेमाघरों में करीब 17 करोड़ रुपये की कमाई की है। ये आंकड़े चूंकि सिर्फ मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के है लिहाजा सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के आंकड़े आने के बाद इसमें फेरबदल भी हो सकता है। फिल्म ‘मिशन इंपॉसिबल: द फाइनल रेकनिंग’ के निर्माता खुद टॉम क्रूज हैं और इसके निर्देशक क्रिस्टोफर मैकक्वैरी के साथ ये इस सीरीज की उनकी लगातार चौथी फिल्म है।