पवनव कल्याण की हालिया रिलीज फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी। इसके बाद भी फिल्म ने शानदार कमाई की। फिल्म के रिलीज होने के साथ ही इसके यूनिवर्स को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। साथ ही ‘ओजी’ और ‘साहो’ के बीच भी कनेक्शन को लेकर लोग कयास लगाने लगे। अब खुद पवन कल्याण ने फैंस को ओजी के यूनिवर्स के बारे में जानकारी दी है, जिसके बाद अब ओजी के फैंस में खुशी की लहर है।
शुरू में पवन कल्याण को कहानी नहीं आई थी समझ
‘ओजी’ के निर्माताओं ने फिल्म की सक्सेस पार्टी रखी। इसी कार्यक्रम में बोलते हुए पवन कल्याण ने ओजी के यूनिवर्स और सीक्वल व प्रीक्वल के बारे में भी बात की। इस दौरान पवन कल्याण ने कहा कि वह फिल्म की सफलता और बॉक्स ऑफिस पर सफलता से प्रेरित थे, जिसमें रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग और पहले हफ्ते में दमदार प्रदर्शन शामिल था। उन्होंने कहा, ‘कहानी लिखना आसान है, लेकिन उसे पर्दे पर जीवंत करना मुश्किल है। शुरुआत में मुझे 'ओजी' की पूरी कहानी के बारे में पता ही नहीं था। त्रिविक्रम और सुजीत का नाम लेने के बाद मैं उनसे मिला। सुजीत ने मुझसे कहा, 'तुम जापानी पोशाक में गैंगस्टर बनोगे, तलवार और बंदूक लिए हुए।' उस समय मुझे कहानी पूरी तरह समझ नहीं आई थी, लेकिन जब मैंने अपने बेटे को खुशी से नोट्स पढ़ते देखा, तो मुझे एहसास हुआ कि इस कहानी की इस पीढ़ी के लिए प्रासंगिकता है।’
सीक्वल-प्रीक्वल पर काम करेंगे पवन कल्याण
फिल्म को इतना प्यार देने के लिए दर्शकों का आभार जताते हुए पवन कल्याण ने कहा कि 'ओजी' के प्रदर्शन ने इंडस्ट्री के प्रति उनके उत्साह को फिर से जगा दिया है। अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के बीच ओजी की दुनिया में काम करने पर आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म आजकल के युवाओं की पसंद है। इसलिए मैंने उनसे कहा कि हमें 'ओजी' के सीक्वल और प्रीक्वल पर काम करने दें। मुझे पता है कि जब कोई फिल्म असफल होती है तो कितना निराशाजनक होता है, लेकिन 'ओजी' ने मुझे फिर से फिल्में करने की प्रेरणा दी है। मैं जो समय बचा है, उसमें 'ओजी' की दुनिया को जारी रखना चाहता हूं।"
यह खबर भी पढ़ेंः Kantara Chapter 1: ‘सनी संस्कारी..’ से टकराव पर बोले ऋषभ शेट्टी, ‘लोगों को जो फिल्म पसंद आएगी, वही देखेंगे’