'पंचायत 5' की रिलीज का इंतजार हुआ लंबा
दर्शक इस उम्मीद में बैठे थे कि प्राइम वीडियो की चर्चित सीरीज 'पंचायत' का पांचवां सीजन शायद इस साल के आखिर में देखने को मिल जाएगा। मगर, मेकर्स ने रिलीज पर जो अपडेट दिया है, उससे दर्शकों को निराशा होगी। यह स्पष्ट कर दिया गया है कि 'पंचायत सीजन 5' इस साल नहीं आ रहा है।
'बनराकस' ने रिलीज पर क्या कहा?
मेकर्स ने आज रविवार को एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें क्रांति देवी (सुनीता राजवार) के पति भूषण शर्मा नजर आ रहे हैं। भूषण को फुलेरा गांव वाले 'बनराकस' कहकर बुलाते हैं। यह रोल एक्टर दुर्गेश कुमार ने अदा किया है। पोस्टर में 'बनराकस' फूल माला पहने हाथ जोड़े नजर आ रहा है। एक अन्य पोस्टर पर लिखा है, 'पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा'। साथ में कैप्शन लिखा है, 'बताते हुए खेद है कि पंचायत का अगला सीजन कैद है'।
आसिफ खान बोले- 'गजब खराब व्यवस्था'
इस पोस्ट पर नेटिजंस के मजेदार कमेंट आ रहे हैं। साथ ही एक्टर आसिफ खान ने भी मजेदार कमेंट किया है। बता दें कि आसिफ ने इस सीरीज में दामाद की भूमिका निभाकर खूब लोकप्रियता हासिल की। पांचवें सीजन की रिलीज पोस्टपोन होने पर उन्होंने लिखा है, 'गजब खराब व्यवस्था है यार'। एक यूजर ने लिखा है, 'प्रधान जी के टाइम पर सीजन टाइम पर आया करता था'। एक अन्य यूजर ने लिखा है, 'और दो क्रांति देवी को वोट'।