राजकुमार राव मौजूदा दौर के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं। हाल ही में वह फिल्म 'श्रीकांत' में नजर आए थे। फिलहाल वह अपनी आगामी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल में ही उन्होंने अपनी दिवंगत मां से विरासत में मिली एक परंपरा के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि वह हर शुक्रवार को व्रत रखते हैं। बचपन से वह मां को शुक्रवार का व्रत करते देखते थे।
16 की उम्र से जीवन का हिस्सा है शुक्रवार का व्रत
राजकुमार राव इन दिनों जान्हवी कपूर के साथ अपनी आगामी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल में ही एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को व्रत करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं शुक्रवार को व्रत रखता हूं। यह व्रत मेरी माँ संतोषी माँ के लिए करती थी, बचपन से ही मैंने अपनी मां का अनुसरण करना शुरू कर दिया था। 16 साल की उम्र से यह व्रत मेरे जीवन का एक हिस्सा रहा है"।
शिद्दत से करते हैं व्रत
राजकुमार राव की मां कमल यादव का साल 2019 में निधन हो गया था, लेकिन राजकुमार अभी भी पूरी शिद्दत से यह व्रत करते हैं। उन्होंने बताया कि व्रत की वजह से कभी-कभी उनका शेड्यूल काफी चुनौतीपूर्ण बन जाता है। खासकर, जब वह प्रमोशन में व्यस्त होते हैं या सेट पर उन्हें अपनी ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने की जरुरत हो। फिर भी पूरी शिद्दत से वह यह व्रत करते हैं। उन्होंने बताया, "कभी-कभी, मैं खाना नहीं खाता और कभी-कभी, जब मैं काम कर रहा होता हूं और मुझे उस दिन बहुत अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है, तो मैं रात में एक बार खाना खा लेता हूं।"
शादी के वक्त भी दिखा था मां से प्रेम
अभिनेता अपनी मां को बहुत प्रेम करते हैं। अपनी मां के लिए उनका प्रेम शादी के वक्त भी नजर आया था। साल 2021 में पत्रलेखा से शादी के दौरान एक दिल छू लेने वाली तस्वीर में राजकुमार अपनी दिवंगत मां की तस्वीर के सामने बैठे हुए नजर आए थे। वह उनसे आशीर्वाद लेते दिखे थे। हाल ही में उन्होंने मां को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा था, "आप हमेशा इस दुनिया की सबसे अच्छी मां रहेंगी, मां। मुझे पता है कि आपका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है। आपकी हर रोज़ याद आती है। मैं आपसे हमेशा प्यार करता रहूंगा।"
Vir Das: कॉमेडियन और अभिनेता के अंतर पर बोले वीर दास, रणबीर कपूर भी नहीं दोहरा सकते इन कलाकारों का काम