अमर उजाला संवाद में रवि किशन
- फोटो : अमर उजाला
कार्यक्रम में रवि किशन ने आगे कहा- मेरी पहली फिल्म हिंदी में थी। मैंने 1991 में काजोल के साथ फिल्म 'उधार की जिंदगी' से अपनी शुरुआत की। फिर मैंने शाहरुख खान, सलमान खान मिथुन चक्रवर्ती जैसे सितारों के साथ काम किया। फिर 2001 में भोजपुरी सिनेमा में मैंने शुरुआत की। मैंने सोचा कि अब मैं खुद ही सुपरस्टार बनूंगा। उस वक्त भोजपुरी सिनेमा बंद हो चुका था। मैंने भोजपुरी सिनेमा को फिर से शुरू किया और फिर भोजपुरी की जनता ने मुझे सुपरस्टार बना दिया। फिर उसके बाद मैं बिग बॉस में गया और वहां से फिर से हिंदी फिल्मों में काम शुरू किया।
अमर उजाला संवाद में रवि किशन
- फोटो : अमर उजाला
अभिनेता ने आगे अपने पॉपुलर शो 'मामला लीगल है' को लेकर एक बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि जल्द ही मामला लीगल है का सेकंड सीजन भी आ रहा है। सिनेमा में हमेशा वकीलों को तारीख पर तारीख देते ही दिखाया गया। लेकिन वकीलों की भी एक जिंदगी होती है, उनके परिवार होते हैं। वकीलों की भी कई दिक्कतें होती हैं, कई परेशानियां होती हैं। इन सभी मुद्दों को इसमें छुआ गया है। मैं सेकंड सीजन में जज के किरदार में नजर आऊंगा। जब एक जज को किसी कम उम्र वाले को फांसी की सजा देनी होती है, तब उस जज पर क्या बीतती है। ये सब इसमें देखने को मिलेगा।
इसके अलावा अपनी अगली फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि मेरी अगली फिल्म अजय देवगन के साथ 'सन ऑफ सरदार 2' है। अजय देवगन मेरे अच्छे मित्र हैं। जब अजय ने मुझे फोन करके कहा कि ये फिल्म है तो मैं खुश हुआ। हालांकि, मैंने कहा कि मेरा पार्लियामेंट का सेशन है, लेकिन जब उन्होंने कहा कि लंबा समय चाहिए। फिर मैंने पीएमओ में पत्र लिखा और सीएम योगी को पत्र लिखकर बताया कि मुझे जाना है, क्योंकि फिल्म में काफी पैसा लगा है और एक बड़ी फिल्म बन रही है। मैं फिल्म में सरदार बना हुआ हूं। मैं पहली बार इस नए किरदार में नजर आऊंगा। ये फिल्म आप लोगों को बहुत पसंद आएगी। पहले मेरा वाला रोल संजय दत्त करने वाले थे। फिल्म 25 जुलाई को रिलीज हो रही है।
अमर उजाला संवाद में रवि किशन
- फोटो : अमर उजाला
अपने पसंदीदा अभिनेताओं के बारे में रवि किशन ने कहा कि मेरे जीवन में कुछ-कुछ अभिनेताओं ने प्रभाव छोड़ा है। मुझे बलराज साहनी काफी प्रभावित करते हैं। इसके अलावा दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन, नसीरुद्दीन शाह, शाहरुख खान, इरफान खान कई ऐसे अभिनेता हैं जो मुझे पसंद हैं। हर कलाकार ने कुछ न कुछ दिया है।
कार्यक्रम के दौरान जब अभिनेता से पूछा गया कि अगर किसी रोमांटिक फिल्म में प्रमुख किरदार निभाने का मौका मिले, तो किस हीरोइन के साथ रोमांस करना चाहेंगे। इस पर अभिनेता ने कहा कि मुझे पसंद तो दीपिका और आलिया हैं। मैं माधुरी दीक्षित के साथ एक फिल्म भी कर रहा हूं। यह एक लव स्टोरी है, जिसका नाम 'मां बहन' है। इसकी शूटिंग चालू है। इसके अलावा भी आप मुझे कई और फिल्मों में देखेंगे। अब मैं कुछ एक रोमांटिक फिल्मों में भी नजर आऊंगा।