इस शुक्रवार को रितिक रोशन की 'मोहनजो दारो' रिलीज हुई है। रितिक रोशन करीब दो साल के बाद कोई फिल्म लेकर आए हैं। 'मोहनजो दारो' एक पीरियड फिल्म है, रितिक ने इसके लिए काफी मेहनत की है। आशुतोष गोवारिकर ने फिल्म का निर्देशन किया है, इसलिए भी फिल्म से बहुत उम्मीदें हैं। फिल्म को रिलीज हुए पांच दिन हो गए हैं। अभी तक इस फिल्म ने रितिक और निर्माताओं को निराश ही किया है।
'मोहनजो दारो' के साथ अक्षय कुमार की 'रुस्तम' भी रिलीज हुई है। दोनों ही फिल्मों को समीक्षकों की मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली है। बात कमाई की जाए तो अक्षय से मुकाबले में रितिक बेहद पिछड़ गए हैं। रुस्तम ने पहले तीन दिन में ही 50 करोड़ की कमाई कर ली, पांच दिन में रुस्तम ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 75.25 करोड़ की कमाई की है। वहीं दुनियाभर में फिल्म की कमाई 125 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है।
बात रितिक रोशन की 'मोहनजो दारो' की जाए तो फिल्म पहले दिन से 'रुस्तम' के मुकाबले में पिछड़ रही है। पहले चार दिन तक तो फिल्म ठीक-ठाक कमाई कर रही थी। पहले चार दिन में फिल्म 41 करोड़ की कमाई करने में कामयाब रही, लेकिन मंगलवार को फिल्म की कमाई में काफी कमी आई। मंगलवार को फिल्म सिर्फ 3 करोड़ की कमाई ही कर सकी।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 'मोहनजो दारो' की कमाई 43.25 करोड़ है। जिस तरह से पांचवे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज हुई है उससे भारत में फिल्म के 50 करोड़ के आसपास ही ठहर जाने की बात फिल्मी पंडित कर रहे हैं। जिस तरह से रितिक ने इस फिल्म के लिए मेहनत की थी, उसे देखते हुए फिल्म के कलेक्शन से वो बिल्कुल खुश नहीं होंगे।