जैक रायन के बारे में जिनको ज्यादा नहीं पता है, उनको भी कम से कम ये तो पता ही है कि वह अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए में डाटा विश्लेषक है और कभी कभार जरूरत पड़ने पर खुले में भी निकल जाता है। जो बात जैक रायन को विशिष्ट बनाती है वह ये है कि वह पहले अमेरिकी फौज में काम कर चुका है। फिर अमेरिकी नौसेना अकादमी में इतिहास पढ़ाता रहा। स्टॉक ब्रोकर भी वह रह चुका है। टॉम क्लेंसी नामक लेखक ने जैक रायन का ये ऐसा काल्पनिक किरदार गढ़ा कि इसके बारे में लिखे उपन्यास 30 साल तक न्यूयॉर्क टाइम्स बेस्टसेलर में अव्वल नंबर पर बने रहे। टॉम क्लेंसी के उपन्यासों में तो वह सीआईए का डिप्टी डायरेक्टर तक बना। जैक रायन की इसके बाद की कहानी और दिलचस्प है कि कैसे वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के पद से होते हुए अमेरिका का राष्ट्रपति तक बनता है। लेकिन, ये सारी कहानियां फिर कभी, अभी तो प्राइम वीडियो पर जैक रायन सीरीज का जो तीसरा सीजन आया है, उसमें वह अभी सीआईए का विश्लेषक ही है। बस इस बार मामला थोड़ा पेचीदा इसलिए हो चला है क्योंकि सीआईए खुद उसकी जान की दुश्मन बनी हुई है।
जैक रायन सीजन 3 रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
यूएसएसआर के पुनर्निर्माण की कोशिश
जैक रायन का किरदार अमेरिकी कपोल कल्पनाओं का बेहद चर्चित किरदार रहा है। उस पर बनी फिल्मों में एलेक बाल्डविन से लेकर हैरिसन फोर्ड और बेन एफ्लेक तक ये किरदार निभा चुके हैं। सबसे आखिरी फिल्म इस किरदार पर कोई आठ साल पहले बनी थी। वीडियो गेम्स में भी उसकी लोकप्रियता रही और वेब सीरीज के तौर पर प्राइम वीडियो पर इस किरदार को पहली बार 2018 में देखा गया। 2019 में इसका दूसरा सीजन आया और अब दुनिया भर के लोग इस सीरीज के तीसरे सीजन को देख रहे हैं। चौथे सीजन पर भी पिछले साल से ही काम शुरू हो चुका है। जैक रायन के तीसरे सीजन की कहानी का ताल्लुक रूस से है। उस रूस से भी जो कभी एक विशालकाय गणराज्य यूएसएसआर (यूनियन ऑफ सोवियत सोशलिस्ट रिपब्लिक्स) हुआ करता था और अब उस रूस से भी जो अपने पुराने सहयोगियों के साथ ही युद्ध में संलिप्त है। जैक रायन को पता चलता है कि रूस की मौजूदा सरकार कुछ ख़तरनाक काम कर रही है। कहानी की धुरी रूस के दो रक्षा मंत्रियों के इर्द गिर्द घूमती है, जिसमें से एक की हत्या हो चुकी है और दूसरा तख्तापलट पर आमादा है। कहानी उस समय से शुरू होती है जब यूएसएसआर के वैज्ञानिक एक ऐसा युद्ध उपकरण बनाने से चूक गए थे जो दुनिया के किसी भी इलाके में जाकर किसी उपग्रह या किसी रडार की रेंज में आए बिना धमाका कर सकता था।
Shweta Kawaatra: 30 घंटे तक बेटी के साथ एयरपोर्ट पर फंसी रहीं श्वेता, खोया सामान, अब वीडियो शेयर कर मांगी मदद
जैक रायन सीजन 3 रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सीआईए एजेंट के पीछे सीआईए
जैक रायन के तीसरे सीजन की कहानी दो काल खंडों में एक साथ चलती है। और, ये कहानी अमेरिका और रूस के बीच पड़ने वाले कोई आधा दर्जन दूसरे देशों में भी घूमती रहती है। इस बार कहानी का पेंच ये है कि जैक रायन पर अपनी एजेंसी सीआईए को ही भरोसा नहीं रहा और उसने उसके खिलाफ जासूसी से संबंधित कानूनों के उल्लंघन करने का आरोप लगाकर उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है। एक बहुत बड़े षड्यंत्र की परत दर परत खोलने में लगे जैक रायन का साथ देने का वादा करता है माइक नवंबर जिसे दर्शक वेनेजुएला के सीआईए स्टेशन चीफ के रूप में देख चुके हैं। दोनों की संगत जमने लगती है। कहानी का बीज इस बार चेकोस्लोवाकिया मे बोया जाता है जहां रूसी रक्षा मंत्री की हत्या हो चुकी है। इस हत्या के सुरागों में ही वह राज छुपा है जिसे अंजाम तक पहुंचाने के लिए रूस की रेड आर्मी में शामिल रहे लोग लगे हुए है। मुखबिर दोनों तरफ हैं। उद्देश्य एक ही है दुनिया को विनाश से बचाना।
Tom Cruise-Nicole: रील लाइफ में पति-पत्नी बन टॉम और निकोल ने यूं बसाया घर, महज दो दिन में अलग किए अपने रास्ते
जैक रायन सीजन 3 रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
निर्देशकों की तिकड़ी की तिकड़में
जैक रायन के तीसरे सीजन का माहौल बनाने का काम निर्देशक जान टर्नर पहले एपिसोड में कर देते हैं। एक बार ये सीरीज देखना शुरू करने के बाद इसे बीच में छोड़कर उठना मुश्किल है। पौन घंटे के आसपास के सीरीज के आठ एपिसोड चुस्त पटकथा से बंधे हैं कि कहानी कहीं जरा देर भी सुस्ताने का नाम तक नहीं लेती। सीरीज का तनाव अपने सबसे उच्च बिंदु पर हालांकि आखिरी एपिसोड से कई एपिसोड पहले ही आ जाता है और उसके बाद तनाव चूंकि ढलान पर होता है तो उतनी उत्तेजना भी कहानी देखते हुए आने नहीं पाती। बस यही इस सीरीज का सबसे कमजोर बिंदु है। वॉन विल्मोट, एमी बर्ग, जेनिफर केनेडी, डारियो स्कार्डापेन और मार्क हालसे ने तीसरा सीजन लिखने में मेहनत काफी की है लेकिन सीरीज की कहानी काफी जानी पहचानी लगती है। खासतौर से तब जब आप जैक रायन पर बनी फिल्में देख चुके हों। सीरीज के पहले चार और आखिरी एपिसोड टर्नर ने निर्देशित किए हैं। बीच के तीन एपिसोड के निर्देशन की जिम्मेदारी केविन डाउलिंग और डेविड पेट्रारका ने संभाली है। और, बीच के ये तीन एपिसोड थोड़े हल्के भी हैं।
Bigg Boss 16: बिग बॉस 16 के घर हुई अंकित गुप्ता की विदाई! गले लगाकर फूट-फूटकर रोईं 'सच्चाई की देवी'
जैक रायन सीजन 3 रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
जॉन क्रेसिंस्की का शानदार अभिनय
लेखन और निर्देशन के साथ साथ सीरीज के कलाकारों ने भी इस सीरीज में काफी मेहनत से काम किया है। जैक रायन के किरदार में जॉन क्रेसिंस्की लगातार निखरते जा रहे हैं। सीरीज दर सीरीज न सिर्फ उनकी देहभाषा सीआईए के इस अतिसक्रिय एजेंट के रूप में ढलती जा रही है बल्कि उनका आत्मविश्वास भी इस किरदार को गढ़ने में मजबूती दे रहा है। सीआईए के भीतर जैक के हमदर्द जेम्स ग्रीयर के किरदार में वेंडेल पियर्स सीरीज की रीढ़ की तरह काम करते हैं। माइक नवंबर के रूप में माइकल केली कहानी में मस्ती के कुछ पल ले आते हैं। ये किरदार अब कानून के दूसरी तरफ है। चेक राष्ट्रपति के तौर पर बेली गैबरियल प्रभावित करती हैं। नीना हॉस और एलेक्सेई मैवेलोव भी अपना अपना काम दमदार तरीके से करते हैं। लेकिन, इन कलाकारों में दो नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। एक, लुका बने जेम्स कॉस्मो जो इस किरदार के अतीत की यादों के साथ जी रहे एक देशभक्त रूसी अफसर के रूप में दर्शकों के दिल और दिमाग दोनों पर अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। दूसरे, पेटर के किरदार में पीटर गिनीज। पीटर ने यहां अच्छाई और बुराई के बीच की बारीक लकीर पर चलते जाने का बेहतरीन काम किया है।
Pathaan: विवादों के बीच करोड़ों में बिके शाहरुख खान की 'पठान' के ओटीटी राइट्स! इस प्लेटफॉर्म पर देगी दस्तक
जैक रायन सीजन 3 रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
बिंज वॉच के लिए उपयुक्त सीरीज
वेब सीरीज ‘जैक रायन’ का तीसरा सीजन अपने सिनेमैटोग्राफर जैक्वस जॉफ्रेट के कैमरे से भी बहुत मदद पाता है। दुनिया भर के नयनाभिराम स्थानों में घूमती इस कहानी को उन इलाकों के असल एहसास के साथ पेश करने में जॉफ्रेट कामयाब रहे। प्रोडक्शन डिजाइनर के रूप में डेरेक आ हिल और कार्यकारी कथा संपादक के रूप में अदिति कपिल का काम भी अच्छा है। सीरीज की एडिटिंग थोड़ी और चुस्त हो सकती थी और इस लिहाज से टैड डेनिस का मामला कहीं कहीं ढीला दिखता है। सीरीज का संगीत इसकी लय ताल बनाए रखने में कामयाब है, खासतौर से उन दृश्यों में जब फियरलेस और रूजवेल्ट आमने सामने हैं। इस सप्ताहांत आप ये सीरीज बिंज वॉच कर सकते हैं।
Huma Qureshi: विदेशी एयरपोर्ट पर सामान के लिए दर-ब-दर भटकने पर फूटा हुमा का गुस्सा, बोलीं- बेहद बेकार सर्विस