फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

मिस लवलीः गंदे धंधे वाली एक बोल्ड फिल्म

Fri, 17 Jan 2014 01:10 PM IST
रवि बुले/अमर उजाला मुंबई
हर कोने में इंटरनेट की घुसपैठ ने कुछ अच्छी कुछ बुरी चीजों को खत्म किया है। इनमें फिल्मों के वे ‘मॉर्निंग शो’ शामिल हैं, जिन्हें देखने लोग चेहरा छुपा कर, बदन चुरा कर जाया करते थे। ये 1980 का दशक था। ये फिल्में ‘केवल वयस्कों के लिए’ थीं। साउथ में बनने वाली इन फिल्मों ने धीरे-धीरे मुंबई में पैर पसारे थे। ‘मिस लवली’ उसी ‘पीरियड’ की फिल्म है।


कैसे ये फिल्में बनती थीं? इन्हें बनाने वाले कौन थे? इन ऐक्टरों-डायरेक्टरों की जिंदगी क्या थी? ‘मिस लवली’ दो भाइयों विक्की (अनिल जॉर्ज) और सोनू दुग्गल (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) के मार्फत इन सवाल को जवाब देती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराही जा चुकी यह फिल्म हिंदी सिनेमा के दर्शकों के लिए नया अनुभव है। आप ‘मिस लवली’ को मसाला चश्मे से देखेंगे तो निराश होंगे।

फिल्म विक्की की महत्वाकांक्षाओं और सोनू के आत्मसंघर्ष की कहानी है। बड़ा भाई ऊंचे सपने देखता है। ऊंचे लोगों में बैठना चाहता है। वह उन्हें ‘एडल्ट फिल्मों’ में पैसा लगाने के लिए मना तो लेता है, लेकिन फिर गंदी दुनिया में धंसता चला जाता है। सोनू को भाई का काम नहीं भाता। वह अच्छी और रोमांटिक फिल्में बनाना चाहता है।


उसकी मुलाकात सी ग्रेड फिल्मों की एक्स्ट्रा पिंकी (निहारिका सिंह) से होती है। पिंकी से साथ सोनू फिल्म बनाना चाहता है ‘मिस लवली’। क्या फिल्म बन पाती है? क्या पिंकी नई जिंदगी शुरू कर पाती है? भाइयों का क्या होता है?

आश्चर्य है कि एडल्ट फिल्मों से पर्दा उठाने वाली इस फिल्म पर सेंसर ने चार कट लगाए। इसका निर्देशन कसा हुआ है। फिल्म में जो ऐक्टर सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित करता है, वह हैं अनिल जॉर्ज। उनका अभिनय बेहद सहज है और वे अपने किरदार को पोर्न फिल्ममेकर की ऊंचाई तक ले जाते हैं।

उम्मीद की जानी चाहिए कि अब उन्हें बॉलीवुड में नई पहचान मिलेगी। नवाजुद्दीन की यह उन दिनों की फिल्म है, जब वे काम-दाम-नाम के लिए संघर्ष कर रहे थे। अपनी भूमिका में वह बेजोड़ हैं। निहारिका सिंह को पहचान पाने के लिए कुछ और फिल्में करनी होंगी। विश्व में सराहा जा रहा भारतीय सिनेमा कैसा है, यह जानने के लिए आप यह फिल्म देख सकते हैं। ज्ञानवर्द्धन होगा।
विज्ञापन


और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें