कलाकार: ध्वनि भानुशाली, निखिल डिसूजा (गायक), तनिष्क बागची (संगीतकार), अराफात महमूद (गीतकार), राधिका राव और विनय सप्रू (वीडियो निर्देशक)।
म्यूजिक लेबल: टी सीरीज
श्रेया घोषाल और सुनिधि चौहान के बाद हिंदी फिल्म और पॉप संगीत को नया सितारा मिल चुका है। ध्वनि भानुशाली ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म नोटबुक के गाने लैला में सुरों पर अपनी पकड़ की जिस काबिलियत का प्रदर्शन किया था, उससे दो कदम आगे हैं उनका नया गाना वास्ते। ध्वनि ने इस गाने के वीडियो में खुद ही परफॉर्म किया है और डांस भी किया है, और ये वीडियो ही उनके लिए स्टेज शोज की बंपर बुकिंग भी खोलने वाला है।
अराफात के कानों में मिश्री सी घोलते अल्फाज हैं, ‘तुमसे ज्यादा मैं ना जानूं, तुमसे खुद को मैं पहचानूं, तुमको बस मैं अपना मानूं माहिया। वास्ते जां भी दूं, मैं गंवा इमां भी दूं, किस्मतों का लिखा मोड़ दूं...।’ और इन लाइनों को गाते समय ध्वनि ने अपनी आवाज से इस मिठास का एहसास दूना कर दिया है।
गाना हालांकि निखिल डिसूजा के गाए अंतरे से शुरू होता है लेकिन गाने का चरम है ध्वनि की आवाज के साथ साथ उनका स्टेज परफॉरमेंस। आमतौर पर गायक गाते तो बहुत अच्छा हैं, लेकिन स्टेज पर आकर वह आवाज की सुर ताल और नाचने के कदम ताल की जुगलबंदी नहीं मिला पाते। ध्वनि की कामयाबी की बड़ी वजह इन दोनों का सही संतुलन भी है।
रिलीज होने के साथ ही यूट्यूब के टॉप ट्रेंडिंग वीडियो में तीसरे नंबर पर जगह बना लेने वाले ध्वनि के गाए गाने के इस म्यूजिक वीडियो का स्टोरीबोर्ड अच्छा है। इसके वीडियो का निर्देशन भी राधिका राव और विनय सप्रू ने बहुत सहज तरीके से किया है। सादगी की अपनी खूबसूरती होती है, इसे फिर से समझना हो तो ध्वनि भानुशाली का गाया ये गाना बिल्कुल सही मिसाल है।