चोक्ड के ट्रेलर में सैयामी एक मध्यमवर्गीय परिवार की गृहणी के किरदार में दिखती हैं जिसकी किचन की नाली से नोट के बंडल निकल रहे हैं। उसकी तो ऐश हो जाती है। लेकिन, मामला इन नोटों जैसा रंगीन हो पाए, उससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक टीवी स्क्रीन पर दिखते हैं नोटबंदी का एलान करते हुए। टीवी पर लगी ग्राफिक्स की गड़बड़ पट्टी जैसा ही ट्रेलर भी यहीं से डगमगाता है। उसके बाद फिर वही लंबी लाइन, असली नकली नोट का संदेह और डिलीवरी नई नोटों की। सैयामी खेर से लोगों को उम्मीदें बहुत रही हैं, देखते हैं मिर्ज्या के बाद उनका करिश्मा कितना बाकी बचा है।
ट्रेलर बताता है कि अनुराग कश्यप को सिनेमा में कैवल्य प्राप्त हो चुका है। क्या अच्छा है, क्या बुरा है, इस सबसे वह ऊपर उठ चुके हैं। अब वह सिनेमा नहीं प्रोजेक्ट बनाते हैं। प्रोडक्ट बेचने की उनकी पीएचडी पुरानी है। सैक्रेड गेम्स, गूल, लस्ट स्टोरीज, घोस्ट स्टोरीज के बाद पहली बार कुछ ऐसा उन्होंने नेटफ्लिक्स को चिटकाया है, जिस पर निर्देशक के रूप में उनका सोलो नाम है। घूमकेतु वह जी5 को चिटका चुके हैं। प्राइम वीडियो और हॉटस्टार को भी थोड़ा तो आरामनगर टाइप कुछ ट्राई करना चाहिए, पता कैसे चलेगा मुंबई के ये सलीमावाले कटिया कैसे डालते हैं!