बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान से मिलने का सपना हर फैन देखता है, लेकिन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभम प्रजापत ने इसे हकीकत में बदलने के लिए कुछ ऐसा कर दिया जिसने इंटरनेट पर लोगों को लोटपोट कर दिया। शुभम ने किंग खान से मुलाकात करने के लिए जो तरीका अपनाया, वह जितना अजीब था उतना ही मजेदार भी। उन्होंने खुद को फूड डिलीवरी बॉय बताकर मन्नत में एंट्री लेने की कोशिश की।
इन्फ्लुएंसर ने मन्नत में घुसने की कोशिश की
वीडियो की शुरुआत में शुभम मन्नत के बाहर खड़े होकर बताते हैं कि वो शाहरुख खान से मिलना चाहते हैं। सिक्योरिटी उन्हें अंदर नहीं जाने देती। तभी उनके दिमाग में प्लान आता है—वो ऑनलाइन दो कोल्ड कॉफी ऑर्डर करते हैं, एक अपने लिए और एक 'किंग खान' के नाम पर। ऑर्डर आने पर शुभम असली डिलीवरी एजेंट से बैग लेकर खुद को डिलीवरी बॉय बताने लगते हैं। कंधे पर बैग टांगकर वह पूरे आत्मविश्वास से मन्नत के मेन गेट पर पहुंचते हैं और कहते हैं कि वह कॉफी देने आए हैं।
गार्ड की मजेदार प्रतिक्रिया
मेन गेट पर तैनात गार्ड ने उन्हें रोक लिया और पिछले दरवाजे पर जाने के लिए कहा। शुभम इसके बाद वहां पहुंचते हैं और बोलते हैं कि किसी शाहरुख ने फूड ऑर्डर किया है। वहां मौजूद गार्ड से भी वो वही कहानी दोहराते हैं। लेकिन जब गार्ड उनसे ऑर्डर करने वाले का नंबर मिलाने को कहते हैं और शुभम ऐसा नहीं कर पाते, तो सारा प्लान गड़बड़ा जाता है। यहीं पर गार्ड का जवाब इंटरनेट पर हिट हो गया। एक यूजर ने हंसते हुए लिखा- 'अगर खुद शाहरुख खान फोन करेंगे तो कॉफी वाला नाचने लगेगा।' इस चुटीले जवाब ने फैंस को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया।
ये खबर भी पढ़ें:
Sonakshi Sinha: भाई कुश सिन्हा का सोनाक्षी के करियर पर बड़ा बयान, बोले- टैलेंट का पूरा इस्तेमाल नहीं हुआ
सोशल मीडिया पर हलचल
भले ही शुभम की यह कोशिश नाकाम रही, लेकिन उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कई यूजर्स ने उनकी क्रिएटिविटी की तारीफ की तो कई लोग गार्ड की समझदारी और मजाकिया अंदाज पर फिदा हो गए। एक यूजर ने लिखा, 'बुद्धि तो पूरी लगाई भाई ने।' कई लोगों ने गार्ड के जवाब की काफी तारीफ की।
शाहरुख खान के आने वाले प्रोजेक्ट्स
इसी बीच, शाहरुख खान अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट 'किंग' को लेकर चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर होगी। खास बात यह है कि इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर पिता के साथ दिखाई देंगी। फिल्म में अभिषेक बच्चन और अरशद वारसी की भी दमदार भूमिकाएं होंगी, जबकि दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी के कैमियो की चर्चा है। यह फिल्म 2026 के आखिर तक रिलीज होने की संभावना है।