बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म '3 इडियट्स' में प्रोफेसर की भूमिका अदा करने वाले अभिनेता अच्युत पोतदार ने 91वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इस घटना से मनोरंजन जगत में शोक की लहर छा गई है। जानकारी के मुताबिक अभिनेता ने ठाणे स्थित एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस दुखद सूचना के सामने आने के बाद आमिर खान ने एक भावुक नोट के साथ अपने '3 इडियट्स' के सह-कलाकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही जैकी श्रॉफ और रवीना टंडन ने भी दुख जताया।
आमिर खान ने कहा- वह एक शानदार अभिनेता थे
आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने एक्स पर एक ट्वीट किया, जिसमें लिखा, ‘अच्युतजी के निधन के बारे में सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। वह एक अद्भुत अभिनेता, एक बेहतरीन इंसान और एक बेहतरीन सहयोगी थे। हम आपको याद करेंगे अच्युतजी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना हैं।’
जैकी श्रॉफ ने शेयर की प्यारी तस्वीर
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने दिवंगत एक्टर अच्युत पोतदार के साथ इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बहुत ही प्यारी तस्वीर शेयर की है। इसमें जैकी श्रॉफ, अच्युतजी के कान में कुछ कहते हुए दिख रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘अच्युत जी के साथ ये तस्वीर हमेशा के लिए उनके दिल में रहेगी।’
रवीना टंडन ने भी जताया दुख
अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि अच्युत पोतदार के निधन से वो दुखी हैं।
जन्मदिन से तीन दिन पहले निधन
आपको बताते चलें कि अभिनेता अच्युत पोतदार का 22 अगस्त को जन्मदिन होता है, लेकिन इससे मात्र तीन दिन पहले अभिनेता का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इसके अलावा '3 इडियट्स' में प्रोफेसर के रूप में अभिनेता ने भूमिका निभाई थी, जिसमें उनका लोकप्रिय डायलॉग 'कहना क्या चाहते हो' अक्सर सोशल मीडिया पर काफी वायरल होता है। एक्टर के निधन से सिनेमा जगत में एक खालीपन हो गया।