जब से जस्टिस हेमा कमेटी की रिपोर्ट सामने आई है, तभी से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में उथल-पुथल मची हुई है। कई बड़े नामों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब फिल्म निर्देशक और फिल्म एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ केरल के निदेशक और महासचिव बी उन्नीकृष्णन ने भी मॉलीवुड को लेकर एक चौंकाने वाला बयान दिया है।
विज्ञापन
कोई गुप्त लॉबी काम नहीं कर सकती
बी उन्नीकृष्णन का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री में किसी को अलग-थलग करने के लिए कोई गुप्त लॉबी काम नहीं कर सकती, क्योंकि ऐसा होने से इंडस्ट्री में काम ही नहीं हो पाएगा। उन्होंने इस बात से साफ मना कर दिया कि मॉलीवुड में किसी तरह का कोई पावर ग्रुप है।
मॉलीवुड में कास्टिंग काउच के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए
उन्नीकृष्णन ने मातृभूमि से हुई बातचीत में पावर ग्रुप के अस्तित्व से तो इनकार कर दिया, लेकिन इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच होने की बात पर हामी भर ली। उन्होंने कहा कि मॉलीवुड में कास्टिंग काउच के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्नीकृष्णन ने कहा कि मलयालम फिल्म उद्योग में इस बात को स्वीकार न करना वास्तविकता से इनकार करने जैसा होगा। उन्होंने कहा कि कास्टिंग काउच हर इंडस्ट्री में होता है।
बड़ी फिल्में बनाने के इरादे से कुछ प्रोडक्शन हाउस ने गठबंधन किया है
बी उन्नीकृष्णन ने बताया कि बेशक मॉलीवुड में कुछ प्रोडक्शन हाउस के द्वारा कुछ निर्देशकों, अभिनेताओं और लेखकों के साथ गठबंधन किया गया है और ये व्यावसायिक हितों पर आधारित हैं। ये बड़ी फिल्में बनाने के इरादे से किए गए गठबंधन है, मगर अलग-अलग संगठनों की कोई गुप्त लॉबी नहीं हो सकती है।