सोमवार का दिन फिल्मी दुनिया के लिए कुछ खास नहीं रहा, जहां एक ओर एनिमेटेड माइथोलॉजिकल फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ के बॉक्स ऑफिस नंबर में गिरावट देखी गई, वहीं दूसरी ओर साउथ सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ को भी दर्शकों का उम्मीद के मुताबिक साथ नहीं मिला। हालांकि सोमवार के हिसाब से ‘महावतार नरसिम्हा’ ने फिर भी अच्छा प्रदर्शन किया।
फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
‘महावतार नरसिम्हा’ बनी दर्शकों की पहली पसंद
सोमवार को सिनेमाघरों में जब ‘सैयारा’, ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘धड़क 2’ जैसी मसाला फिल्मों के साथ-साथ ‘किंगडम’ भी ऑप्शन के तौर पर मौजूद थी, तब भी ‘महावतार नरसिम्हा’ ने अपना जादू बरकरार रखा। इस फिल्म ने अपने 11वें दिन करीब 8 करोड़ रुपये की कमाई की, जो बाकियों के मुकाबले में काफी अच्छी है।
ये खबर भी पढ़ें:
Saiyaara: मोहित सूरी की डीजे पत्नी उदिता ने क्लब में बजाया 'सैयारा' का रीमिक्स वर्जन, झूमने पर मजबूर हुए लोग
इससे पहले रविवार को फिल्म ने 23.5 करोड़ की शानदार कमाई दर्ज की थी। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 99.25 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। गौरतलब है कि ये फिल्म केवल 4 करोड़ रुपये के बजट में बनी है और दो दिन में ही इसने अपना लागत निकाल लिया था। अब जल्द ही यह फिल्म 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बनने जा रही है।
महावतार नरसिम्हा
- फोटो : सोशल मीडिया
नृसिंह अवतार की कथा ने छू लिया दर्शकों का दिल
फिल्म की कहानी हिंदू धर्मग्रंथों पर आधारित है, जिसमें भगवान विष्णु के चौथे अवतार नृसिंह की गाथा को प्रस्तुत किया गया है। बालक प्रह्लाद की रक्षा के लिए भगवान विष्णु आधे मानव और आधे सिंह के रूप में प्रकट होते हैं और अत्याचारी राक्षस हिरण्यकश्यप का वध करते हैं। भक्ति, विश्वास और धर्म की रक्षा की यह पौराणिक कथा दर्शकों को गहराई से प्रभावित कर रही है।
फिल्म 'किंगडम'
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
‘किंगडम’ की रफ्तार हुई धीमी
दूसरी ओर, विजय देवरकोंडा की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘किंगडम’ अपनी चमक खोती नजर आ रही है। जहां शनिवार को फिल्म ने 8 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं रविवार को इसकी कमाई घटकर 7 करोड़ पर सिमट गई। फिल्म के पांचवें दिन यानी सोमवार को इसकी कमाई में और भी बड़ी गिरावट आई और यह आंकड़ा सिर्फ 2.25 करोड़ रुपये तक पहुंच सका। अब तक फिल्म की कुल कमाई 43.15 करोड़ रुपये हो चुकी है, लेकिन बजट और उम्मीदों के हिसाब से यह आंकड़ा संतोषजनक नहीं कहा जा सकता।
फिल्म 'किंगडम'
- फोटो : एक्स (ट्विटर)
पुलिस अफसर की कहानी में भाई से टकराव
फिल्म ‘किंगडम’ में विजय देवरकोंडा एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अफसर की भूमिका में हैं, जिसे एक ऐसे मिशन पर भेजा जाता है जहां उसे अपने ही भाई से संघर्ष करना पड़ता है। यह कहानी रिश्तों और फर्ज के बीच के टकराव को बखूबी दर्शाती है, लेकिन दर्शकों को कहानी में वह गहराई या नया पन नजर नहीं आया जिसकी वजह से फिल्म लंबे समय तक टिक सके।