राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' के प्रमोशन में बिजी चल रहे हैं। वह वोट डालने के लिए अपनी एक फिल्म की शूटिंग छोड़कर मुंबई आए। उन्होंने कहा, 'हम सब की देश के लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।'
देश में आज, 20 मई को लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के लिए मतदान जारी है। महाराष्ट्र में भी मतदान जारी है, जहां कई बॉलीवुड सितारे वोट डालने के लिए सुबह-सुबह अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचे। अपनी नागरिक जिम्मेदारी दिखाते हुए कई मशहूर हस्तियों को उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर देखा गया। सितारों ने बूथ के बाहर अपनी स्याही लगी उंगलियों के साथ तस्वीरें भी करवाईं। मतदाताओं में राजकुमार राव भी दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र के बाहर पत्रकारों से बात भी की।
विज्ञापन
शूटिंग छोड़कर वोट डालने मुंबई आए राजकुमार
राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' के प्रमोशन में बिजी चल रहे हैं। फिल्म के प्रचार के लिए राजकुमार और जान्हवी कपूर फिल्म के प्रचार के लिए वाराणसी जाएंगे। उन्होंने मतदान केंद्र के बाहर बातचीत में कहा, 'हम सब की देश के लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं बाहर शूट कर रहा था, फ्लाइट पकड़ के आया सुबह-सुबह वोट डालने के लिए। जान्हवी मेरा इंतजार कर रही है। हम मिस्टर एंड मिसेज माही को प्रमोट करने के लिए वाराणसी जाएंगे। मुझे भी शूटिंग फिर से शुरू करनी होगी।'
इसके दौरान उनसे सवाल किया गया कि वोट करते समय वह किन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसके जवाब में अभिनेता ने कहा, 'यह बहुत व्यक्तिगत है। बेशक, हम सभी चाहते हैं कि एक राष्ट्र विकसित हो और चमके। यह पहले से ही चमक रहा है और मुझे यकीन है कि आने वाले वर्षों में यह और भी अधिक चमकेगा।'
वर्कफ्रंट की बात करें तो, राजकुमार राव इन दिनों अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म 'श्रीकांत' में नजर आए हैं। यह फिल्म 10 मई को रिलीज हुई थी। दर्शकों को ये फिल्म काफी पसंद आ रही है। कई बॉलीवुड सितारे भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। फिल्म में राजकुमार ने दृष्टिबाधित उद्योगपति श्रीकांत बोला की भूमिका निभाई है। इसके बाद वह जल्द ही 'मिस्टर एंड मिसेज माही' में जान्हवी कपूर के साथ नजर आएंगे।