बॉलीवुड की दुनिया में इन दिनों एक बार फिर शादी की खुशियां देखने को मिल रही हैं। इस बार खुशखबरी अभिनेता अनुज पंडित शर्मा के घर से आई है। साल 2003 में रिलीज हुई ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई... मिल गया' में बिट्टू सरदार का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाले अभिनेता ने शादी कर ली है।
विज्ञापन
अनुज पंडित शर्मा ने डॉ. प्रभजोत चावला के साथ सात फेरे लेकर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें देखकर फैंस को उनका पुराना किरदार भी याद आ गया।
Trending Videos
अनुज पंडित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
हिंदू और सिख रिवाज से की शादी
अनुज और प्रभजोत ने अपनी शादी को बेहद निजी रखा। इस खास मौके पर दोनों ने हिंदू और सिख दोनों परंपराओं के अनुसार रस्में निभाईं। शादी में पवित्र अग्नि के सामने फेरे लेने के बाद गुरुद्वारे में आधिकारिक विवाह दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान अनुज ऑफ-व्हाइट रंग की कढ़ाईदार शेरवानी में नजर आए, वहीं दुल्हन प्रभजोत लाल रंग के पारंपरिक लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।
कौन हैं अनुज की दुल्हनिया प्रभजोत चावला?
डॉ. प्रभज्योत चावला की बात करें, तो वह हेल्थ और वेलनेस से जुड़े एक प्लेटफॉर्म की संस्थापक हैं। इसके अलावा वह फिटनेस के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर उनकी प्रोफाइल से उनके इस काम की जानकारी मिलती है।
अनुज पंडित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
'कोई... मिल गया' से मिली थी पहचान
बता दें कि अनुज पंडित शर्मा को साल 2003 में आई फिल्म 'कोई... मिल गया' से खास पहचान मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने बिट्टू सरदार का किरदार निभाया था। इसी साल वह फिल्म 'डरना मना है' में भी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने 'सय सलाम इंडिया' (2007) और 'टोटल सियापा' (2014) जैसी फिल्मों में काम किया। 'टोटल सियापा' में उन्होंने यामी गौतम के किरदार के भाई मानव की भूमिका निभाई थी।
फिल्मों के अलावा अनुज ने टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई। वह साल 2015-16 में आए शो 'परवरिश सीजन 2' में जोगिंदर यानी जोगी खुराना के किरदार में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने कॉमेडी सीरीज 'आदत से मजबूर' (2017-18) में सनी की भूमिका निभाई।
वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में भी किया काम
अनुज का काम सिर्फ फिल्मों और टीवी तक सीमित नहीं रहा। साल 2021 में वह शॉर्ट कॉमेडी वेब सीरीज 'बामिनी एंड बॉयज' में उत्पल के किरदार में नजर आए थे। यह सीरीज डिज्नी+ हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई थी।
वहीं, इन दिनों अनुज अपने आगामी प्रोजेक्ट 'कॉमन आदमी' को लेकर भी चर्चा में हैं। इस प्रोजेक्ट में वह अभिनय करने के साथ-साथ लेखन में भी योगदान दे रहे हैं। खुशाल एस. राठौर के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में ऋतुपर्णा सेनगुप्ता, सोनाली कुलकर्णी, बृजेंद्र काला और अलका अमीन जैसे कलाकार शामिल हैं।
अभिनय और लेखन के अलावा अनुज म्यूजिक वीडियो में भी काम कर चुके हैं। वह जी म्यूजिक कंपनी के गाने 'मेरी हीरिये' में कनिका कपूर के साथ नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने 'तेरे वास्ते' म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है।