रजनीकांत ने अपनी नई फिल्म 'वेट्टैयन' की रिलीज की तारीख पर बयान देकर सस्पेंस बढ़ा दिया है। इससे पहले निर्माताओं ने बताया था कि फिल्म अक्तूबर, 2024 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
रजनीकांत की नई फिल्म 'वेट्टैयन' के जल्द से जल्द रिलीज होने का इंतजार किया जा रहा है। निर्माताओं ने जानकारी देते हुए बताया था कि इस फिल्म को अक्तूबर, 2024 में रिलीज किया जाएगा, लेकिन इसके सिनेमाघरों में आने की तारीख को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है और अब रजनीकांत के ताजा बयान ने सस्पेंस को और भी बढ़ा दिया है।
'वेट्टैयन' की रिलीज की तारीख अभी भी तय नहीं
तेलुगु 123 की रिपोर्ट के मुताबिक, एक एयरपोर्ट पर रजनीकांत के दिखते ही उनसे फिल्मों को लेकर सवाल पूछे जाने लगे। रजनीकांत से कमल हासन की 'इंडियन 2' और उनकी 'वेट्टैयन' के बारे में सवाल पूछा गया। अपने जवाब में रजनीकांत ने 'इंडियन 2' की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें यह फिल्म पसंद आई। इसके बाद 'वेट्टैयन' को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी डबिंग चल रही है और फिलहाल रिलीज की तारीख तय नहीं की गई है।
ये कलाकार आएंगे नजर
'वेट्टैयन' को लेकर चर्चा थी कि इसे 10 अक्तूबर को रिलीज किया जाएगा, लेकिन रजनीकांत के बयान से सस्पेंस बढ़ गया है। इस फिल्म को टीजे ज्ञानवेल डायरेक्ट कर रहे हैं और इसका निर्माण लाइका प्रोडक्शंस द्वारा किया जा रहा है। फिल्म में रजनीकांत पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ-साथ अमिताभ बच्चन, फहाद फाजिल, राणा दग्गुबाती, दुशारा विजयन, मंजू वारियर, रोहिणी, रितिका सिंह, जीएम सुंदर और राव रमेश भी अभिनय करते दिखाई देंगे। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।