बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने अपनी अभिनय से हिंदी सिनेमा में एक विशाल लकीर खींची है। उनकी अभिनय प्रतिभा के सभी कायल है। इस समय अभिनेता 'केबीसी 16' को होस्ट करते दिखाई दे रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने माता-पिता की इंटरकास्ट शादी पर खुलकर बात की है। यही नहीं, अभिनेता ने खुद को आधा सिख भी बताया है। आइए जानते हैं कि बिग बी ने क्या कहा है।
पेरेंट्स की इंटरकास्ट मैरिज पर बोले बिग बी
केबीसी 16 के हालिया एपिसोड में अमिताभ ने कहा,, "मुझे इसे इंटरकास्ट कहना थोड़ा अजीब लगता है। मेरे पिता उत्तर प्रदेश से थे और मेरी मां एक सिख परिवार से थीं। मेरा मानना है कि मैं आधा सरदार हूं। जब मैं पैदा हुआ, तो मेरी मामी कहती थीं, ' किन्ना सोना पुत्तर है, साड्डा अमिताभ सिंह।"
गोपनीय तरीके से हुई थी शादी
वही, जया बच्चन के पिता तरुण कुमार भादुड़ी ने 1989 में इलस्ट्रेटेड वीकली ऑफ इंडिया में अमिताभ और जया की शादी की कहानी सुनाई थी। उन्होंने बताया कि अमिताभ ने उन्हें मुंबई बुलाया था, लेकिन उन्हें तुरंत समझ नहीं आया कि ऐसा क्यों हुआ। उनकी पत्नी ने उन्हें बताया कि अमिताभ और जया ने शादी करने का फैसला किया है। शादी का आयोजन पूरी गोपनीयता के साथ जल्दी से किया गया था।
जया बच्चन के पिता ने साझा की थी शादी की जानकारी
जया के पिता ने लिखा था, "अब इस बात की पूरी जानकारी देने का कोई मतलब नहीं है कि कैसे पूरे मामले को गुप्त रखा गया और शादी हमारे परिवार के दोस्तों, पंडितों के मालाबार हिल स्थित फ्लैट में तय की गई। लेकिन इसमें कुछ और भी है।" हालांकि, उनकी पत्नी चाहती थी कि यह शादी बंगाली परंपराओं के अनुसार हो। उन्होंने लिखा, "बंगाली विवाह आमतौर पर लंबा चलने वाला लेकिन बेहद दिलचस्प मामला होता है। अमित ने सभी रस्में पूरी कीं, किसी को नाराज नहीं किया और समारोह अगली सुबह तक चलता रहा।"