बी. सरोजा देवी के निधन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोमवार को एक ट्विट शेयर किया था, इस चर्चित अदाकारा के निधन पर दुख जताया। अब एएनआई से बातचीत में उन्होंने बी. सरोजा देवी को याद किया और राजकीय सम्मान दिए जाने की बात कही। साथ ही फिर से एक ट्विट करके सरोजा देवी को श्रद्धांजलि दी है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, ‘मैं उनसे पहले भी कई बार मिल चुका हूं। हम जहां भी मिलते, वह हमेशा बड़े स्नेह और गर्मजोशी से बात करती थीं। वह एक अद्भुत व्यक्तित्व वाली अदाकारा थीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया। मल्लेश्वरम में 11वें क्रॉस रोड का नाम बी. सरोजा देवी के नाम पर रखने का प्रस्ताव हमारे सामने है। इस बारे में चर्चा की जाएगी। बी. सरोजा देवी का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने के निर्देश दिए गए हैं।’
ट्विट करके भी दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ट्विटर पर भी एक पोस्ट करके बी. सरोजा देवी को श्रद्धांजलि दी है। साथ ही अंतिम दर्शन की तस्वीरें भी साझा की हैं। वह अपने ट्वीट में लिखते हैं, ‘मैंने बी. सरोजा देवी के अंतिम दर्शन करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। वह एक असाधारण अदाकारा थीं। पांच भाषाओं की स्टार थीं, उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में उम्दा भूमिकाएं निभाईं, खूब तारीफ हासिल की। मुझे सरोजादेवी से कई बार मिलने का सौभाग्य मिला। वह सभी से गर्मजोशी और स्नेह से बात करती थीं। वह एक शानदार व्यक्तित्व वाली अभिनेत्री थीं। मैंने उनकी कई फ़िल्में देखी हैं। सरोजादेवी के निधन से पूरे फिल्म जगत को गहरा सदमा लगा है। कम उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखने के बाद, वह सात दशकों तक एक कलाकार रहीं। उन्होंने कम उम्र में ही अभिनव सरस्वती की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने दिलीप कुमार, राजेंद्र कुमार, देव आनंद, एमजीआर, एनटीआर, शिवाजी गणेशन और राज कुमार सहित सभी भाषाओं के प्रसिद्ध अभिनेताओं के साथ फिल्मों में अभिनय किया। सरोजादेवी ने अपने हर किरदार में जान डाल दी।उन्होंने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में बहुत योगदान दिया। बी. सरोजा देवी का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर में होगा।’
कन्नड़ सिनेमा की पहली सुपरस्टार
बी. सरोजा देवी ने अपने करियर में 200 से ज्यादा फिल्में की थीं, इसमें कन्नड़, तेलुगु, तमिल के अलावा हिंदी फिल्में भी शामिल रहीं। सरोजा देवी को कन्नड़ सिनेमा में पहली सुपरस्टार दर्जा भी मिला था। वह लगभग 161 फिल्मों में लीड हीरोइन बनी थीं। ऐसा करने वाली वह अकेली हीरोइन हैं। उन्होंने साउथ के मशहूर एक्टर एनटीआर के साथ भी कई फिल्में कीं। हिंदी फिल्मों में दिलीप कुमार के साथ भी अभिनय किया। सरोजा देवी ने सिनेमा में जो योगदान दिया, उसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। भारत सरकार द्वारा उन्हें साल 2008 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया। साल 1992 में पद्म भूषण और 1969 पद्म श्री से सम्मानित किया गया। साल 1994 में फिल्मफेयर ने उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (साउथ) से सम्मानित किया।