साउथ एक्टर कमल हासन इन दिनों कन्नड़ भाषा पर दी अपनी विवादित टिप्पणी के चलते सुर्खियों में हैं। कर्नाटक हाईकोर्ट की तरफ से फटकार लगाए जाने के बाद अब साउथ सुपरस्टार ने कर्नाटक फिल्म चैंबर के सामने सफाई पेश की है। एक्टर का कहना है कि उनका वो मतलब नहीं था, उन्हें गलत समझा गया है। वहीं बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने भी एक्टर को मांफी मांगने का सुझाव दिया है। बीजेपी नेता का कहना है कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता।
क्या है मामला?
अभिनेता कमल हासन हाल ही में कन्नड़ भाषा को लेकर अपने एक बयान को लेकर विवादों के घेरे में आ गए हैं। ‘ठग लाइफ’ फिल्म के ऑडियो लॉन्च पर उन्होंने कन्नड़ भाषा की उत्पत्ति को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया, जिसे कर्नाटक के कई लोग और सांस्कृतिक संगठन बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने कहा था कि कन्नड़ भाषा तमिल से विकसित हुई है, जो कर्नाटक में हर जगह विरोध का कारण बना।
कमल हासन ने दी सफाई
कमल हासन ने बाद में इस बयान को लेकर सफाई दी और कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स को लिखा कि उनकी बात को गलत समझा गया और संदर्भ से बाहर लिया गया। उन्होंने ये भी कहा कि उनका इरादा किसी भी भाषा का अपमान करने का नहीं था, बल्कि वो सब एक ही भाषा परिवार से हैं, ये बताना चाहते थे। उन्होंने कहा कि कन्नड़ भाषा की समृद्ध विरासत पर कोई विवाद नहीं है और कर्नाटक के लोगों के प्रति उनका सम्मान गहरा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया सुझाव
उधर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने एक्टर को सुझाव दिया। उन्होंने कमल हासन की भाषा को ‘संवेदनहीन’ बताते हुए कन्नड़ और कन्नड़भाषियों से विनम्रतापूर्वक माफी मांगने की मांग की। येदियुरप्पा ने एक्स पर लिखा कि माफी मांगना किसी को छोटा नहीं बनाता और घमंड किसी को बड़ा नहीं। उन्होंने ये भी कहा कि कन्नड़ न सिर्फ कन्नड़भाषियों की आवाज है, बल्कि ये उनकी मां भुवनेश्वरी को समर्पित एक पवित्र प्रतिज्ञा भी है।
कमल हासन
- फोटो : इंस्टाग्राम- @ikamalhaasan
कमल हासन का माफी मांगने से इनकार
कमल हासन ने फिलहाल माफी देने से इनकार किया है और अपने प्रेम और न्याय के प्रति दृढ़ विश्वास जताया है। साथ ही, कर्नाटक हाईकोर्ट में उनकी फिल्म ‘ठग लाइफ’ के निर्माता ‘राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल’ ने एक याचिका दायर की है ताकि फिल्म को राज्य में रिलीज होने से रोका न जाए। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने चेतावनी दी थी कि कमल हासन की सार्वजनिक माफी के बिना फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
कब रिलीज होगी 'ठग लाइफ'?
‘ठग लाइफ’ फिल्म 5 जून को रिलीज होने वाली है और इस विवाद ने फिल्म के प्रमोशन और रिलीज को लेकर बड़ी अड़चन पैदा कर दी है। इस पूरे मामले में कन्नड़ भाषा की गरिमा और सांस्कृतिक सम्मान का सवाल उभरा है। अब देखने वाली बात यह है कि अभिनेता कमल हासन अपनी माफी देंगे या विवाद और गहरा जाएगा।