बॉलीवुड में कई ऐसे चेहरे हैं, जिन्होंने कभी बड़े पर्दे पर अपनी दमदार मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींचा, लेकिन वक्त के साथ वे फिल्मों और लाइमलाइट से दूर होते चले गए। अभिनेता शरद कपूर भी ऐसा ही एक नाम हैं। शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' में अपने दमदार किरदार से पहचान बनाने वाले अभिनेता इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में अभिनेता अपने चार पालतू कुत्तों से अलग होने की बात पर भावुक नजर आ रहे हैं। उनकी मौजूदा परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर लोग चिंता जता रहे हैं। कुछ फैंस ने बॉलीवुड से भी उनकी मदद करने की अपील की है।
हालांकि, इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आई है। शरद कपूर की करीबी दोस्त और बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अभिनेता की परिस्थितियों के बारे में सफाई दी है। उन्होंने लोगों से शरद को ट्रोल नहीं करने और उनके मुश्किल वक्त को समझने की अपील की है।
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
30 साल पुरानी दोस्त ने बताई शरद कपूर की परेशानी
हेमा चौधरी के मुताबिक, वह शरद कपूर को पिछले करीब 30 साल से जानती हैं। जैसे ही उन्हें अभिनेता की मौजूदा स्थिति के बारे में पता चला, वह उनसे मिलने पहुंचीं। हेमा ने बताया कि शरद इस समय कुछ शारीरिक चुनौतियों से गुजर रहे हैं और उन्हें फिलहाल देखभाल और ध्यान की जरूरत है।
उनके मुताबिक, शरद कपूर के साथ उनकी पत्नी और छोटा बच्चा भी उसी फ्लैट में रहते हैं। घर में चार पालतू कुत्ते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनकी देखभाल करना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है। कुत्तों के लिए अलग से कोई केयरटेकर भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में फिलहाल उन्हें घर से दूसरी जगह शिफ्ट करने का फैसला लिया गया है।
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
ट्रोल न करने की अपील
हेमा ने अपने वीडियो में साफ किया कि इस पूरे मामले को पशु क्रूरता से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शरद कपूर की जिंदगी में यह एक मुश्किल दौर है और हर इंसान को कभी न कभी ऐसे हालात का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अभिनेता की परिस्थितियों को समझें, उन्हें ट्रोल न करें और इस वक्त उन्हें प्यार, दुआओं और सहयोग की जरूरत है। हेमा के मुताबिक, अभिनेता अपने कुत्तों से बेहद प्यार करते हैं और उन्हें खुद से दूर नहीं करना चाहते। यह फैसला मौजूदा घरेलू परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। एक वीडियो में हेमा ने यह भी कहा कि शरद कपूर कोई भिखारी नहीं हैं, बस उनकी तबीयत ठीक नहीं है।
चारों कुत्तों को कहां ले जाया जा रहा है?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शरद कपूर के चारों पालतू कुत्तों को फिलहाल YODA Mumbai के एनिमल वेलफेयर सेंटर में रखा जाएगा। इस व्यवस्था का मकसद उनकी देखभाल सुनिश्चित करना है, जब तक अभिनेता की परिस्थितियां बेहतर नहीं हो जातीं।
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
कुत्तों से बिछड़ने पर भावुक हुए शरद कपूर
वीडियो में शरद कपूर भी अपने पालतू कुत्तों से दूर होने को लेकर भावुक दिखाई देते हैं। उन्होंने अपने घर की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जब उनका नया बंगला तैयार हो जाएगा, तब वह YODA से अपने बच्चों को वापस देने के लिए कहेंगे, क्योंकि वह उनके बिना नहीं रह सकते।
अभिनेता ने यह भी कहा कि उनके कुत्ते भी उनसे दूर होकर उदास हो जाएंगे। उन्होंने अपने प्यार का इजहार करते हुए कहा कि वह एक भावुक इंसान हैं और किसी के साथ क्रूरता कैसे कर सकते हैं। उनके मुताबिक, इंसान का काम प्यार देना है। शरद को उम्मीद है कि हालात बेहतर होने और नए घर में शिफ्ट होने के बाद वह अपने चारों पालतू कुत्तों को दोबारा अपने साथ रख पाएंगे।
शरद कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
इन फिल्मों में किया है शरद ने काम
शरद कपूर बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने फिल्मों में लीड रोल से लेकर नेगेटिव और सपोर्टिंग किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई है। कोलकाता में जन्मे शरद ने साल 1994 में फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में आई शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' से मिली। इस फिल्म में उन्होंने प्रकाश शर्मा का किरदार निभाया था, जो शाहरुख के किरदार मैक्स का प्रतिद्वंद्वी था। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट विलेन अवॉर्ड में नॉमिनेशन भी मिला था।
शरद 'दस्तक', 'तमन्ना', 'त्रिशक्ति', 'खौफ', 'क्योंकि... मैं झूठ नहीं बोलता', 'LOC कारगिल', 'लक्ष्य', 'जानी दुश्मन', 'वॉन्टेड' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। हिंदी के अलावा उन्होंने बंगाली सिनेमा में भी काम किया है।